सेना भर्ती के चौथे दिन रामपुर और मुरादाबाद की तहसीलों का नंबर रहा। दौड़ में भाग लेने पहुंचे अधिकांश युवा टशनबाज निकले हैं। कंधों, गले में टैटू गुदवा कर भर्ती में भाग लेने पर अधिकारियों ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। भर्ती के लिए दौड़ में दस फीसदी युवा भी फाइनल तक नहीं पहुंच सके। सेना के अफसरों ने 5451 की दौड़ कराई, जिसमें 461 अभ्यर्थी पास हुए।
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही सेना की भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा, कंठ, मुरादाबाद, बिरला और रामपुर की सौर, टांडा, शाहबाद, मिलक तहसील क्षेत्र के अभ्यर्थियों को बुलाया गया। दोनों जनपदों से 11196 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनसें से भर्ती स्थल पर 5781 ही पहुंच सके। देर रात अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए प्रवेश दिया गया, यहां पर पहले हाइट का परीक्षण किया गया।
जिसमें 330 अभ्यर्थी मानकानुसार लंबाई में कम मिलने पर बाहर हो गए। इसके बाद करीब 5451 अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए फाइनल किया गया। स्टेडियम में 1600 मीटर के ट्रैक पर कई टुकड़ियों में बांटकर अभ्यर्थियों की दौड़ कराई गई। दौड़ के बाद अभ्यर्थियों के अनेक परीक्षण किए गए। जिसमें रामपुर, मुरादाबाद के साथ मिलक, सौर और ठाकुरद्वारा के युवा हांफ गए। परीक्षण प्रक्रिया पर दस फीसदी युवा भी नहीं पहुंच सके हैं। प्रत्येक परीक्षण से गुजरने के बाद करीब 461 अभ्यर्थी पास हो पाए। जिन्हें अगले चरण की प्रक्रिया के लिए रोक लिया गया, बाकी अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया।
फैशन में अच्छे, कद काठी में कच्चे
मुजफ्फरनगर। सेना भर्ती के लिए पहुंच रहे अधिकांश युवा फैशनेबल और शौकीन मिजाज निकल रहे हैं। शक्ति प्रदर्शन पर युवा कमजोर मिले हैं। अधिकांश युवाओं ने अपने कंधों, गर्दन और हाथों पर दिल, अनेक प्रतिमाओं के साथ लव, नाम के टैटू गुदवा रखे हैं। जिस लेकर सेना के अधिकारियों ने युवाओं को फटकार भी लगाई है। इन्हें तत्काल मिटाए जाने के निर्देश दिए हैं।
सर्दी में कंपकंपाए युवा
मुजफ्फरनगर। स्टेडियम में दौड़ के लिए सेना के अधिकारी युवाओं की टुकड़ी बनाकर दौड़ाते हैं। इसके लिए कई भाग बनाए गए हैं। जिनमें युवाओं को बैठाया जाता है। बृहस्पतिवार को सर्दी अधिक होने से युवा कंपकंपा गए। जिसके चलते एक-दूसरे से लिपट कर बैठे नजर आए। कोई ट्रैक सूट में हाथ बांधे रहा तो कोई सिर पर कपड़ा लपेट कर बैठा रहा।
एक नजर में अभ्यर्थियों का आंकड़ा:
वर्ग-------------पंजीकृत----फुटफाल----हाइट रिजेक्ट----दौड़े
सोल्जर क्लर्क-----1998--------937--------25-----------912
सोल्जर जीडी------6187-------3433-------190---------3243
सोल्जर टीडीएन----2115--------974--------89----------885
सोल्जर टेक्नीकल---499---------248--------11---------237
सोल्जर एनए, (वेट)--397--------189--------15----------174