मुजफ्फरनगर। धनतेरस पर्व पर शनिवार को बाजारों में बढ़ी भीड़ के मद्देनजर व्यवस्था बनाने के लिए शिव चौक के आसपास बाजारों में बेरिकेडिंग लगाई है। सादा कपड़ों व वर्दी में पुलिस टीम तैनात की गई है। तेग बहादुर मार्केट व टाउन हाल, झांसी की रानी से शिव चौक तक चौपहिया वाहनों के जाने पर प्रतिबंध लगाया है।
दो दिन बाद दिवाली पर्व है। शनिवार को धनतेरस के पर्व पर बाजारों मेें भीड़ रही। महिलाओं का सुबह से ही खरीदारी करने के लिए बाजार में पहुंचना शुरू हो गया था। देहात से भी लोग अपने वाहनों में सवार होकर खरीदारी करने के लिए पहुंचे। जानसठ रोड पर जाम लगा रहा। बाजारों में भीड़ के मद्देनजर तेग बहादुर मार्केट व टाउन हाल, झांसी की रानी से शिव चौक तक चौपहिया वाहनों के जाने पर प्रतिबंध लगाया है। आलू मंडी चौराहे पर बेरिकेडिंग लगाई गई है। इन मार्गों पर हर तिराहे व चौराहे पर पुलिस टीम तैनात है।
शनिवार को सबसे ज्यादा भीड़ मीनाक्षी चौक से शिव चौक तक रही। पैदल राहगीर आलू मंडी चौराहे पर बेरीकेडिंग लगाने से चौराहा पार नही कर सके। सभी को घूम कर आना जाना पड़ा। मोलाहेड़ी मार्केट के बाहर कई बार जाम लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने खुलवाया।
एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे से बताया कि दिवाली पर शिव चौक, भगत सिंह रोड, झांसी की रानी के आसपास बाजारों में व्यवस्था बनाने को पुलिस को तैनात किया है।