मुजफ्फरनगर। सोमवार को लंबे रूट वाली ट्रेन सहित चार ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट पहुंची। ट्रेनों के लेट पहुंचने के कारण स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को दिल्ली से अंबाला जाने वाले इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा 25 मिनट, ओडिशा के पुरी शहर से ऋषिकेश जाने वाली कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस सवा घंटा, दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली मेमो ट्रेन एक घंटा व प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नोचंदी एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा लेट पहुंची।
चारों ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक से सवा घंटे लेट पहुंचे। ट्रेनों के लेट चलने के बारे में रेलवे अधिकारी लाउड स्पीकर की मदद से लगातार जानकारी देते रहे। अंबाला जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे जूता व्यापारी फरमान ने बताया कि उन्हेंं जरूरी काम से अंबाला जाना था। लेकिन स्टेशन पर आने पर उन्हें ट्रेन के लेट आने के बारे में पता चला। बारिश के मौसम में ट्रेन और भी लेट हो सकती है। जिस कारण वह वापस जा रहे है। अब वह मंगलवार को जाएंगे।
उधर, रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने ट्रेनों के लेट चलने के बारे में जानकारी होने से इन्कार किया है।