तितावी में रविवार की रात्रि चोरों द्वारा तोड़ा गया दुकान का शटर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चार दुकानों के शटर तोड़कर नगदी-सामान चोरी
मुजफ्फरनगर, तितावी। थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित तितावी बस स्टैंड पर सोमवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने चार दुकानों के शटर तोड़कर हजारों की नगदी समेत अन्य सामान साफ कर दिया। मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत किया।
तितावी निवासी वेद उपाध्याय का थाने से चंद कदमों की दूरी पर उपकार मेडिकल स्टोर है। उसके पास ही गांव मुरादपुरा निवासी नसीम का मिर्जा मेडिकल स्टोर, गांव नंगला नूनाखेड़ा निवासी कमल का कमल बुक डिपो और शहर के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी अमित का लक्ष्मी प्रोविजन स्टोर है। सोमवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने उक्त चारों दुकानों के शटर तोड़ डाले। मंगलवार सुबह मार्केट खुलने पर लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पीड़ित दुकानदारों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि बदमाश उपकार मेडिकल से 1200 रुपये नगद, मिर्जा मेडिकल से आठ सौ रुपये, लक्ष्मी प्रोविजन स्टोर से सात हजार रुपये व कीमती सामान और कमल बुक स्टोर से एक हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। थाने से चंद कदमों की दूरी पर चार दुकानों में एक साथ चोरी से गुस्साए व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया, जिन्हें एसओ राजेंद्र वशिष्ठ ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर समझाबुझाकर शांत किया। उधर, गांव तितावी के जंगल में भी देर रात बदमाशों ने राजपाल, बाबूराम, महक सिंह, रोहित व उधमसिंह की नलकूपों के ताले तोड़कर वहां से मोटर-स्टार्टर व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित किसानों ने भी चोरी की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ राजेंद्र वशिष्ठ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।