रतनपुरी पुलिस ने मुठभेड़ में लूट में शामिल चार बदमाश पकड़े।
- फोटो : KHATAULI
मुठभेड़ में चार लुटेरों को दबोचा
रतनपुरी। पुलिस ने शुक्रवार की रात गांव फुलत के जंगल में रजबहे पटरी के निकट निर्माणाधीन पॉली हाउस पर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूट के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने लूट में शामिल चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किए, जबकि चार अन्य बदमाश फरार हो गए।
रतनपुरी के थानाध्यक्ष राजेंद्र गिरि ने लूट का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार की रात गांव फुलत के जंगल मे निर्माणाधीन पॉली हाउस से कुछ बदमाशों ने बिहार निवासी कर्मचारियों विशाल एवं सुरेश तथा शकरपुर (दिल्ली) निवासी सुपरवाइजर रामबाबू के साथ मारपीट कर उनसे तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए तीन मोबाइल और करीब 37 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। इस मामले में पॉली हाउस के मालिक विपिन कुमार पुत्र कृष्णपाल निवासी मथेड़ी ने आठ-दस अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फुलत के पॉली हाउस में कर्मचारियों के साथ लूट करने वाले बदमाश किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने वहां खड़े बदमाशों को ललकारा, तो पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से चार बदमाशों को धरदबोचा। जबकि उनके चार अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम विजय उर्फ छोटा पुत्र ब्रहमपाल, अश्वनी उर्फ आशु पुत्र महावीर, सोनू उर्फ छोटू पुत्र राजवीर और संजीव पुत्र कालेराम, निवासीगण गांव फुलत बताए। तलाशी के दौरान पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा और दो कारतूस, दो चाकू के अलावा कर्मचारियों के पहचान पत्र और लूटा गया एक मोबाइल तथा कुछ नकदी बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने चार अन्य फरार साथियों के नाम कपिल पुत्र सोमपाल, नीशु पुत्र सुनील, अन्नू पुत्र ओमप्रकाश निवासीगण फुलत और चिराग पुत्र रमेश उर्फ भूती निवासी जड़ौदा थाना मंसूरपुर बताए। पुलिस ने गिरफ्तार चारों बदमाशों के विरुद्ध पुलिस मुठभेड़ और अवैध शस्त्र रखने का मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। पुलिस इनके बाकी फरार साथियों कपिल, नीशु, अन्नू और चिराग की तलाश में जुटी है।