फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसों में गई चार की जान

Tue, 13 Mar 2018 10:54 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर।
विज्ञापन
accident - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। जिले में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत चार युवकों की मौत हो गई। सभी हादसे बाइक सवारों के साथ हुए। नईमंडी कोतवाली क्षेत्र में बागोवाली के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया, जिसमें पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। बुढ़ाना में हुए हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चरथावल में मुजफ्फरनगर-थानाभवन मार्ग पर राई नंगला के पास बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई।
विज्ञापन


बाइकों की भिड़ंत में  महिला की मौत
चरथावल। मुजफ्फरनगर-थानाभवन मार्ग पर गांव राई नंगला के पास दो बाइकों के बीच हुई भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइक चालकों को भी चोट लगी। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी रामशरण का दामाद बीमार है, जो मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में भर्ती है। उसकी पत्नी शिमला (55) भतीजे वेदू के साथ मंगलवार दुपहर बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर दामाद को देखने आ रही थी।

चरथावल-थानाभवन मार्ग पर गांव राई नंगला के पास सामने आ रही अन्य बाइक की उनकी बाइक से भिड़ंत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी शिमला अचानक सिर के बल सड़क पर गिरी और अचेत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजनों में अफरातफरी मच गई। तुरंत ही अन्य वाहन से शिमला को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के बेटे जितेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


हाईवे पर ट्रक ने दंपति  को रौंदा, पति की मौत
छपार थाना क्षेत्र के गांव खामपुर निवासी सचिन कुमार (25) पुत्र मामराज मंगलवार को अपनी पत्नी रश्मि को साथ लेकर भोपा क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां गया था। दोपहर करीब दो बजे दंपति बाइक से लौट रहे थे। जब वह नईमंडी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बागोवाली पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आए अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें चपेट में लेकर कुचल दिया।

इसके बाद ट्रक हाईवे से नीचे खाई में गिरकर पलट गया। हादसे में सचिन की मौके पर मौत हो गई और रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर राहगीर और खेतों पर काम कर रहे किसान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस ने उसे अस्पताल भेजवाया। हादसे के बाद ट्रक के चालक और क्लीनर फरार हो गए। मृतक के भाई विरेंद्र कुमार ने ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही क्रेन से ट्रक को खाई से निकलवा कर उसे भी कब्जे में ले लिया है।

बुढ़ाना में दो युवकों की मौत, दो घायल
बुढ़ाना।   हिंडन नदी पुल के पार मुजफ्फरनगर रोड पर पीछे से तेज गति से आए ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर िदया। सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव रणखंडी का मोंटी (24) पुत्र मुकेश अपने रिश्तेदार ककरौली थाना क्षेत्र के गांव टंढेरा निवासी हनी (25) पुत्र मुकेश के साथ बाइक द्वारा हरियाणा के सोनीपत से अपने गांव जा रहे थे।

मंगलवार सुबह करीब दस बजे कस्बे के हिंडन नदी पुल के पार मुजफ्फरनगर रोड पर पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर ट्रक से कुचलने के कारण घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दोनों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस ने मृतक युवकों के परिवार वालों को दी।

रोते बिलखते परिजन कस्बे की सीएचसी पर पहुंचे। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक का चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट मृतक युवक हनी के रिश्तेदार मनोज कुमार निवासी बहादरपुर ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।

दूसरी घटना में गांव इटावा निवासी अंकित (19) अपने साथी मनीष (20) के साथ बाइक द्वारा गांव से बुढ़ाना आया था। कस्बे के बीच नई तहसील के सामने विपरीत दिशा से आई बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक सड़क पर गिरने के कारण अंकित और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में मनीष को मेरठ रेफर किया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें