मुजफ्फरनगर में नई मंडी क्षेत्र में जानसठ रोड पर मंगलवार सुबह बारात की बस और एक ट्रक की आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें एक महिला और एक किशोर समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर लहूलुहान लोगों को किसी तरह निकाला। हादसे में 45 लोग घायल हो गए, जिनमें 15 को मेरठ रेफर किया गया है।
रामराज निवासी सतीश उर्फ शैंकी (23) पुत्र हरि मक्कड़ की बारात मंगलवार को बस से हरियाणा के यमुना नगर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे बस जैसे ही जानसठ रोड पर राना पेपर मिल के सामने पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आए ट्रक से बस भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक एक दूसरे के भीतर घुस गए।
घायलों की चीखपुकार से कोहराम मच गया। आसपास के लोग और फैक्ट्री का स्टॉफ मौके पर पहुंचा और घायलों की मदद में जुट गया। सूचना पर नई मंडी पुलिस भी पहुंच गई। लोगों ने बस की खिड़कियों, शीशों और एंगलों को तोड़कर घायलों का बाहर निकालना शुरू किया, जो भी वाहन मिला, उसी से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में बस सवार बारातियों में चालक सहित 45 लोग घायल हो गए, जिनमें करीब दर्जनभर बच्चे भी हैं।
मौके पर ही रामराज निवासी अक्षय (16) और शहर के कुंदनपुरा निवासी राजू (34) की मौत हो गई, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान मेरठ के हस्तिनापुर निवासी वैशाली (25) और बालकिशन (40) ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 15 बारातियों को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना पर एसडीएम सदर उज्ज्वल कुमार और तहसीलदार रजनीकांत पांडेय भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की व्यवस्था में जुट गए। मृतक अक्षय के चाचा वेदप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है।
घायलों की चींखों से गूंजा जानसठ रोड
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड पर मंगलवार की सुबह हादसे का मंजर, जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी। दुर्घटना के बाद जान बचाने की जद्दोजहद। हर कोई खिड़की और शीशे तोड़कर बाहर निकलने के लिए आतुर रहा। खून से सनी बस की सीटें और इधर-उधर पड़ी चप्पलें हादसे की भयावह तस्वीर पेश करती हैं। यह वही जगह है, जहां मंगलवार की सुबह बारात की बस और ट्रक की टक्कर हुई। चार लोगों की जान चली गई।