मतगणना के दौरान भूले सोशल डिस्टेंस
मुजफ्फरनगर। जिले के सभी नौ मतगणना स्थलों पर सुबह के समय अव्यवस्था का माहौल रहा। स्थल के बाहर हजारों की भीड़ के बीच सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ गई। कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए बनाई गई व्यवस्था फेल हो गई।
शहर के नवीन मंडी स्थल सहित जिले के सभी नौ ब्लॉकों में मतगणना स्थलों पर सुबह साढ़े छह बजे से ही प्रत्याशी और एजेंटों की भीड़ एकत्र होना शुरू हो गई। भीड़ के सामने अफसर भी मूकदर्शक बने रहे। दरअसल, यह जानते हुए कि प्रवेश के दौरान गेट पर भीड़ एकत्र होगी, प्रशासन ने इसके लिए ऐसी व्यवस्था नहीं की थी, जिसमें एक साथ इतने लोग एकत्र न हों। बाद में प्रशासन सक्रिय हुआ और जो अतिरिक्त लोग मतगणना स्थलों पर भीड़ जमाए हुए थे, पुलिस के माध्यम से उन्हें हटाया गया। कूकड़ा मंडी के गेट पर जमा भीड़ को पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ा। गेट पर पहले कर्मचारियों और बाद में प्रत्याशियों व एजेंटों को आईकार्ड देख कर मतगणना केंद्र पर जाने दिया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि कोविड प्रोटोकॉल में दिया जाने वाला सैनिटाइजर, हैंडवाश लिक्विड, पेन आदि तक नहीं दिया गया। प्रशासन ने किसी भी तरह प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया है। प्रशासन का दावा है कि प्रत्येक मतगणना स्थल पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने को एक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया।