खतौली। खतौली में ब्लॉक प्रमुख पद पर संजो देवी निर्वाचित हुई है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी बोबिंदर सहरावत को बडे़ अंतर से हराया है। उधर, बघरा ब्लाक में सपा प्रत्याशी मिंत्रा देवी ने जीत दर्ज की।
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए तीन प्रत्याशी संजो देवी, रमेशचंद तथा बोबिंदर सहरावत चुनाव मैदान में थे। रविवार को ब्लॉक कार्यालय पर हुए मतदान में 138 बीडीसी सदस्यों में 128 ने मतदान किया। आरओ एबीएसए सतेंद्र कुमार ढाका ने बताया कि वोटों की गिनती के आधार पर संजो देवी को 121 मत, बोबिंदर सहरावत को पांच तथा रमेशचंद को मात्र एक मत मिला। जबकि एक मत निरस्त किया गया।
इस प्रकार संजो देवी को निर्वाचित घोषित किया गया। ब्लॉक प्रमुख पद पर जीत मिलने से संजो के समर्थकों ने खुशी मनाई। संजो देवी का परिवार काफी लंबे से से ग्रामीण राजनीति से जुड़ा हुआ है। संजो के ससुर धर्मवीर सिंह दो बार तथा सास श्यामो देवी एक बार ब्लॉक प्रमुख चुनी गई। इसके अलावा पति भी एक बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
अजीत को मिली जीत
बुढ़ाना। बुढ़ाना ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में टांडा माजरा निवासी अजीत सिंह उर्फ बबलू ने अपने प्रतिद्वंद्वी बिटावधा निवासी राहुल को मात देकर ब्लॉक प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी बबलू ने 11 बजकर 5 मिनट पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राहुल ने भी अपना वोट डाला। बुढ़ाना अतिसंवेदनशील की श्रेणी में होने के कारण पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही।
सीओ एसपी शर्मा तथा एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी पूरे समय मतदान केंद्र पर डेरा डाले रहे। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी तथा एडीएम ने भी मतदान स्थल पर आकर निरीक्षण किया। 12 बजे तक मतदान धीमा रहा। 12 बजे तक केवल 19 वोट डल पाये। 12 बजे के बाद मतदान ने गति पकड़ी। दो बजे तक 140 में से 130 वोट डल गई। मतदान आरंभ होने के समय राहुल बिटावधा के पक्ष में अधिक मतदान हुआ बाद में अजीत सिंह उर्फ बबलू के पक्ष में मतदान बढ़ गया। ठीक तीन बजे क्षेत्र के सभी 140 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया। इसी दौरान जनपद में आए प्रेक्षक वेदप्रकाश सिंह वहां पहुंच गए।
दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतगणना हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश सिंह ने घोषणा करते हुए बताया कि बबलू को 77 वोट तथा राहुल को 60 वोट मिले हैं। तीन वोट अवैध घोषित की गई। चुनाव में अजीत सिंह उर्फ बबलू ने 17 वोट अधिक लेकर राहुल को मात दी तथा ब्लॉक प्रमुख पद कब्जाया। सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री दिनेश सिंह ने बताया कि प्रमाणपत्र निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी द्वारा जिला मुख्यालय पर जारी किए जाएंगे।
सपा प्रत्याशी को मात्र दो ही मत मिले
शाहपुर। शाहपुर ब्लाक में प्रमुख पद पर रालोद की प्रत्याशी नीरज बालियान ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सपा प्रत्याशी मेहरूनिशा को करारी हार का सामना करना पड़ा। प्रमुख पद के लिए शाहपुर में मात्र दो प्रत्याशी मैदान में थी। रालोद नेता अनुज बालियान की माता नीरज बालियान और सपा नेता तनवीर चौधरी की पत्नि मेहरूनिशा के बीच चुनाव हुआ।
जिसमें नीरज ने 85 मत हासिल कर मेहरूनिशां (2) को 83 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। दो मत निरस्त पाए गए। ब्लाक प्रमुख की जीत की घोषणा के बाद उनके समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। जुलूस के साथ विजयी नीरज बालियान सर्मथक आतिशबाजी करते हुए अपने गांव सोरम निवासी पहुंचे शाहपुर ब्लाक के प्रमुख पद के चुनाव में सपा से घोषित प्रत्याशी मुस्लिम समाज से थी। जिसे मात्र दो मत ही मिल पाए, जबकि ब्लाक में 32 मुस्लिम बीडीसी सदस्य है।
निशी बनीं पुरकाजी की ब्लाक प्रमुख
पुरकाजी। पुरकाजी ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में रविवार को निशी त्यागी निवासी खाइखेड़ी ने कुल 77 वोटों में से 47 वोट हासिल कर फलौदा निवासी सपा समर्पित प्रत्याशी अविनाश त्यागी को हराया। अविनाश त्यागी को 28 वोट मिले जबकि दो वोटों को निरस्त किया गया। विकास खंड कार्यालय पर एआरओ डॉ. हरेंद्र सिंह की देखरेख में मतदान हुुआ। तीन बजे मतगणना शुरू हुई।
इस दौरान वहां पर एसपी ट्रैफिक विनोद कुमार, एसडीएम सदर उज्ज्वल कुमार ,सीओ सदर अकील अहमद भारी फोर्स के साथ वहीं जमे रहे। मतगणना समाप्त होते ही विजयी प्रत्याशी को पुरकाजी प्रभारी निरीक्षक चरन सिंह यादव ने अपनी सुरक्षा में लेकर जीप से उन्हें ग्राम भैसानी तक पहुंचाया। जहां से उनके समर्थक उन्हें दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें उनके आवास पर ग्राम खाइखेड़ी ले गए। जहां पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
सात वोटों से दी पुलकित को मात
जानसठ। ब्लॉक प्रमुख का चुनाव प्रशासन ने कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न कराया। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों की समर्थकों से तीखी नोकझोंक भी हुई। द्विपक्षीय मुकाबले में सपा समर्थित प्रत्याशी योगेश ने पुलकित वर्मा को सात वोटों से पराजित किया।
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनाव में योगेश गुर्जर और जिला सहकारी बैंक की पूर्व चेयरमैन वंदना वर्मा के पुत्र पुलकित वर्मा के बीच मुकाबला था। 123 मतों में से 122 मत का प्रयोग मतदाताओं ने किया। तीन बजे गिनती का कार्य शुरू हुआ। 122 मतों में से 11 मत निरस्त पाये गए और विजेता योगेश को कुल 59 मत प्राप्त हुए जबकि उसके प्रतिद्वंद्वी पुलकित वर्मा को कुल 52 मत प्राप्त हुए। योगेश वर्मा को सात वोटों से विजयी घोषित किया गया।