खतौली। एक युवक द्वारा फेसबुक अकाउंट के माध्यम से संत राम रहीम सिंह के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया है। अपशब्दों का प्रयोग किए जाने से संगत के लोगों में आक्रोश है। साध-संगत के लोगों ने इंस्पेक्टर को शिकायती पत्र देकर आरोपी युवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अशोक विहार निवासी हरिओम इंसा के नेतृत्व में सैकड़ों साध-संगत के लोग थाने पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वे संत राम रहीम के अनुयायी हैं। वे अपने गुरु में धार्मिक आस्था रखते हैं। उनका आरोप है कि एक युवक ने संत के बारे में फेसबुक पर अपशब्दों का प्रयोग किया है। जिस कारण साध-संगत की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोपी युवक द्वारा की गई पोस्ट की प्रति समेत उसके द्वारा कहे गए शब्दों के सबूत भी दिए। साध संगत के लोगों ने इंस्पेक्टर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। इस दौरान रतन कुमार, नरेंद्र, गोपाल, मांगेराम, धर्मसिंह, प्रेम कुमार, सतीश, तेजपाल, ओमपाल, सत्यवीर, अनिल, मुकेश, सतेंद्र, राजेंद्र समेत अन्य लोग शामिल रहे।