पुरकाजी विधानसभा के पीनना गांव में मतदान करने जाता परिवार
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। कोहरे का मतदान पर सीधा असर पड़ा। शुरूआत में जहां गति धीमी रही, वहीं मौसम खुलने के बाद बूथों पर लंबी कतारें लग गईं। पूर्वाह्न 11 बजे के मतदान प्रतिशत बढ़ना प्रारंभ हो गया।
कोहरे के कारण पहले दो घंटे सुबह सात से नौ बजे के बीच जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर केवल 10.3 प्रतिशत मतदान ही हो पाया था। इसके बाद थोड़ा सी गति बढ़ी और 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 25.8 प्रतिशत हुआ। 11 बजे कोहरा समाप्त हुआ तो मतदान की गति बढ़ने लगी और एक बजे तक 42.7 प्रतिशत मतदान हुआ। तीन बजे तक यह 56 प्रतिशत पर पहुंच गया। शाम को सर्दी बढ़ी तो मतदान फिर कम हुआ और पांच बजे तक 54 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह के समय मतदान कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिन कमरों में मतदान हुआ कोहरे के कारण उनमें अंधेरे की स्थिति रही। बल्ब की रोशनी भी धीमी रही। इस कारण वोटरों की पर्ची देखने में ही समस्या रही। अत्यधिक सर्दी के साथ कोहरा बने रहना परेशानी का सबब रहा। आम आदमी भी थोडा मौसम खुलने का इंतजार करता दिखाई दिया।