भोपा रोड पर बढ़े प्रदूषण के मानकों को दर्शाता प्रदूषण विभाग का मॉनिटर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। सर्दियों आने से पहले ही वायु प्रदूषण के चलते जनपद में भी रात और सुबह के समय धुंध छा रही है। जिले का एक्यूआई एक ही दिन में बढ़ कर 330 पर पहुुंच गया है। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए जनपद में आज से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू किया जाएगा। इसमें अनेक विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बदलते मौसम में जिले में हवा भी जहरीरी होती जा रही है। कोरोना काल के चलते वायु प्रदूषण जनमानस के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। इसकी रोकथाम जरूरी है। पंजाब, हरियाणा और अन्य स्थानों पर पराली जलाए जाने से वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। रात और सुबह के समय स्मॉग फैल रहा है, ऐसे में अस्थमा रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जनपद में भी सुबह के समय धुंध छाने लगी है। इसी का असर है कि एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार बढ़ रहा है।
बृहस्पतिवार को जिले का एक्यूआई 280 था, जो शुक्रवार को बढ़ कर 330 पर पहुंच गया। जिससे जनपद भी रेड जोन में आ गया है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए शनिवार यानी आज से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू किया जाएगा। इसमें नगर निकायों, एमडीए, एआरटीओ, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी आदि विभागों की भी मदद ली जाएगी।