कोहरे ने मचाया कोहराम, युवक की मौत, कई यात्री घायल
मुजफ्फरनगर। कोहरे के कारण जिले में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक दिल्ली-दून हाईवे के साथ ही मेरठ-करनाल हाईवे पर भी कई वाहन एक-दूसरे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। शाहपुर में रोडवेज बस और कैंटर के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इन हादसों में कई यात्री घायल हो गए। वहीं, पुरकाजी में गंगनहर पटरी मार्ग पर कम्हेड़ा के पास किसी वाहन की चपेट में आकर पुरकाजी में बाइक सवार युवक धर्मेंद्र की मौत हो गई। हादसों के कारण कोहराम मच गया
रतनपुरी में दिल्ली-दून हाईवे के खतौली बाईपास पर स्थित गांव रायपुर नंगली में अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। हाईवे पर दृश्यता शून्य होने के कारण ये अस्थायी अवरोधक दिखाई नहीं दे रहे थे। मंगलवार सुबह कोहरे में सबसे पहले दिल्ली निवासी सचिन शर्मा की कार अवरोधक से जा टकराई। कार सवार जब तक संभलते, पीछे से आ रहे वाहन एक-एक कर एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। हादसे में दिल्ली निवासी सचिन शर्मा, उनकी मां गीता देवी के साथ ही विक्रांत कोहली, उनकी मां कविता कोहली, पत्नी डिंपल व दो बेटियां आकांक्षा और दक्षिता घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे निर्माण अथॉरिटी के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी भेजा। इसके बाद, वहां रिफ्लेक्टर लगाकर वाहनों को धीरे-धीरे इंडीकेशन देकर वहां से निकाला गया।
बुढ़ाना में मंगलवार सुबह मेरठ-करनाल हाईवे पर भी कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। गांव खेड़ा मस्तान के पास मंगलवार सुबह करीब सात बजे शामली से मेरठ किन्नू लेकर जा रहा ट्रक डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक बबलू और क्लीनर संजीव के साथ ही कई अन्य वाहनों के चालक व सवार भी घायल हुए। पुलिस ने सभी घायलों का अस्पताल में उपचार कराया। वहीं, मेरठ-करनाल हाईवे पर ही गांव अटाली के पास भी घने कोहरे के चलते कई कार एक-दूसरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं। यहां हादसे में शामली निवासी राजेश और अनुज समेत कई अन्य वाहन चालक घायल हो गए।
शाहपुर में मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते हरसौली चेकपोस्ट के निकट बड़ौत डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस मुजफ्फरनगर जाते समय सामने से आते कैंटर से जा भिड़ी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कैंटर चालक गांव चंधेड़ी निवासी लोकेंद्र घायल हो गया, जबकि दोघट थाना क्षेत्र के गांव नंगला निवासी रोडवेज चालक मुकेश, परिचालक उमर अली व यात्री वसीम समेत कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुरकाजी में भोपा क्षेत्र के गांव वजीराबाद निवासी धर्मेंद्र उर्फ अमरचंद सोमवार रात गांव रहमतपुर निवासी विकास उर्फ बंटी के साथ बाइक से रुड़की (उत्तराखंड) जा रहा था। गंगनहर पटरी मार्ग पर गांव कम्हेड़ा के निकट घने कोहरे में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पीएचसी भेज दिया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि विकास की हालत गंभीर है।