रोहाना कलां/मुजफ्फरनगर। छह साल के इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर रोहाना में दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन के पहिये थमते ही यात्रियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। फूल बरसाए और ट्रेन पर टीका लगाया गया। लोको पायलट को भी माला पहनाई गई। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और बिजनौर सांसद चंदन चौहान खुशियां साझा करने पहुंचे और एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर तक का सफर किया।
कोरोना की पहली लहर के दौरान दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का रोहाना कलां में स्टॉपेज बंद कर दिया गया था। समय गुजरता गया लेकिन ट्रेन को दोबारा ठहरने की अनुमति नहीं दी गई। लखनऊ और दिल्ली में जनप्रतिनिधियों ने मुद्दा रखा।
बिजनौर सांसद ने संसद में मुद्दा उठाया। कैबिनेट मंत्री ने रेल मंत्री से मुलाकात कर रोहाना क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया था। रेलवे की हरी झंडी मिलने के बाद ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया है।
शुक्रवार को स्टेशन पर क्षेत्र के लोगों की भीड़ लग गई। क्षेत्र के एक दर्जन गांव के उत्साहित ग्रामीण एवं भाजपा एवं रालोद कार्यकर्ताओं ने रेल स्टेशन पर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों का भी स्वागत किया। ट्रेन हरिद्वार से चल कर सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर पहुंची। दोनों जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से ट्रेन पर फूल बरसा कर रेल चालकों का मालाओं से स्वागत भी किया।
दिल्ली से चल कर यह ट्रेन वापसी में रात आठ बजकर 23 मिनट पर रोहाना स्टेशन पर रुकेगी। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने 14 जुलाई को स्वीकृति दे दी थी।
स्टेशन मास्टर विनीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रेल को दिल्ली के लिए रवाना किया। इस अवसर पर अनिल त्यागी, विपुल त्यागी, चंद्रशेखर, सुभाष प्रधान, प्रवीण कुमार, कुलदीप शर्मा, लक्ष्मण शर्मा, अशोक धीमान, सरदार सुखदेव, नित्यानंद त्यागी मौजूद रहे।
जनता के मुद्दे सुलझा रही सरकार : अनिल
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझाने का काम कर रही है। परिवहन व्यवस्था बेहतर हुई है। पुरकाजी क्षेत्र की यह बड़ी समस्या थी, जिसका समाधान कराने में कामयाबी मिली है।
ट्रेन में सफर करते सांसद चंदन चौहान व कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार । संवाद
ट्रेन में सफर करते सांसद चंदन चौहान व कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार । संवाद
ट्रेन में सफर करते सांसद चंदन चौहान व कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार । संवाद