कारोबारी के घर डकैती के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के गुड़ कारोबारी नंदकिशोर गोयल के घर में रविवार शाम हुई डकैती की वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। लुटेरों को चिह्नित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, घटना के 24 घंटे बाद भी अब तक पीड़ित परिजन नुकसान का आंकलन नहीं कर पाए हैं। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के घेरखत्ती निवासी गुड़ कारोबारी नंदकिशोर गोयल के घर में रविवार शाम करीब 5.45 बजे सेंट्रो सवार बदमाशों ने लूटपाट की थी। लुटेरे घर की महिलाओं से जेवरात लूटने के बाद सभी को पहली मंजिल पर स्थित कमरे में बंद कर उनसे ऑफिस की चाबी लेने के बाद पूरा ऑफिस खंगालकर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय के साथ ही राज्यमंत्री कौशल विकास कपिलदेव अग्रवाल और सपा नेता गौरव स्वरूप ने भी पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली थी। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। इनमें एक टीम सीओ मंडी हिमांशु गौरव के नेतृत्व में बनाई गई है, जबकि दो टीमें क्राइम ब्रांच की गठित की गईं हैं। इसके अलावा, शहर कोतवाली व नई मंडी थाना पुलिस की भी दो टीमें वारदात के खुलासे के लिए गठित की गईं हैं। लुटेरों को चिह्नित करने के लिए पुलिस टीमें पीड़ित के घर के साथ ही आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहीं हैं। पुलिस टीमें विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच में जुटी हैं। वहीं, घटना के संबंध में गुड़ कारोबारी के बेटे राहुल गोयल ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित परिजन वारदात के 24 घंटे बाद भी डकैती में गए नकदी-जेवरात का आंकलन नहीं कर सके हैं।