एमडीए के अफसरों ने पुलिस के सहयोग से दिल्ली में तैनात दरोगा की कृष्णापुरी में पांच मंजिला इमारत को सील कर दिया। दरोगा ने बिना मानचित्र पास कराए इमारत बनाई थी। पड़ोसी रामकुमार सिंघल बीते दो साल से इसकी शिकायत कर रहे थे। डीएम के निर्देश पर एमडीए ने कार्रवाई की है।
कृष्णापुरी खादरवाला में दिल्ली में तैनात दरोगा अजय गुप्ता ने पांच मंजिला मकान बनाया हुआ है। इनके बराबर के मकान में रहने वाले रामकुमार सिंघल का आरोप है कि इस बिल्डिंग को बिना मानचित्र पास कराए बनाया गया है। उसके मकान में दरार तक आ गई है। दो साल से रामकुमार सिंघल एमडीए, मुख्यमंत्री, कमिश्नर सभी जगह शिकायत कर थक हारकर बैठ गए थे हाल ही में यह मामला डीएम जीएस प्रियदर्शी के संज्ञान में आया।
उन्होंने एमडीए को निर्देश दिए कि इस प्रकरण में कानूनी कार्रवाई की जाए। मंगलवार को एमडीए के जेई हितेश गुप्ता, एई सुनील गुप्ता पुलिस को साथ लेकर कृष्णापुरी पहुंचे। एमडीए ने इमारत को सील कर दिया। इस अवसर पर खालापार चौकी इंचार्ज सुनील नागर, किदवईनगर चौकी इंचार्ज राधेश्याम यादव मौजूद रहे। पांच मंजिला इमारत के सील हो जाने से क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है।
प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों पर चलाया डंडा
नुमाइश ग्राउंड में मंगल बाजार लगने के कारण मेरठ रोड पर सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। एआरटीओ दफ्तर के सामने लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जनता की परेशानी को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने अतिक्रमण हटाने को अभियान चलाया। मंगल बाजार में नुमाइश ग्राउंड में भारी भीड़ उमड़ती है। इस कारण नुमाइश मैदान के सामने जाम की स्थिति भी लग जाती है।
सुबह से ही जाम के हालात बनने और विकास भवन जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने भी परेशानी आने से प्रशासन जागा। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट नईम अहमद और सीओ सिटी तेजवीर सिंह ने सड़क पर कब्जा करने वाले लोगों को हटाया। कुछ लोगों ने सड़क पर ही दुकान लगा ली थी उनकी दुकान हटाई गई। सड़क पर जाम लगा रही ई-रिक्शाओं और टैंपों को हटाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम से लोगों को मुक्ति मिली।