एक पखवाड़े में पांच लोग लापता
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र से एक पखवाड़े में महिला समेत पांच लोग लापता हो चुके हैं। इनमें से एक युवक की हिमाचल प्रदेश में हत्या की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दूसरे कार चालक की भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र गुम हुए लोगों का केंद्र बनता जा रहा है। पिछले एक पखवाड़े की बात करें तो नई मंडी क्षेत्र से महिला समेत पांच लोग संदिग्ध हालात में लापता हो चुके हैं। इनमें गत 22 जनवरी को तितावी क्षेत्र के गांव लखान निवासी कार चालक दिलशाद कार समेत लापता हो गया था, जिसका अब तक सुराग नहीं लग सका है। वहीं, 23 जनवरी को भरतिया कॉलोनी निवासी मुकेश बंसल भी संदिग्ध हालात में लापता हो गया, जिस पर मोटा कर्ज भी बताया जा रहा है। 23 जनवरी को ही बचनसिंह कॉलोनी निवासी राकेश देवी संदिग्ध हालात में लापता हुई, जबकि 27 जनवरी को अलमासपुर निवासी रामराज यादव लापता हो गया।
पुलिस इन सभी की गुमशुदगी दर्ज कर चुकी है। इनमें से रामराज यादव की हिमाचल प्रदेश में हत्या होने की पुष्टि हो चुकी है, जिसका शव बरामद करने के लिए एक टीम हिमाचल प्रदेश रवाना की गई है। वहीं, लखान निवासी कार चालक की भी हत्या किए जाने की ही आशंका जताई जा रही है। पुलिस कार चालक का सुराग पाने के लिए सर्विलांस व क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे तलाशने में लगी है, जिसका जल्द ही खुलासा होने की संभावना है।