बुजुर्ग सहित पांच ने दी कोरोना को मात
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में बनाए कोविड अस्पताल में भर्ती पांच और मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। इसमें 80 साल के एक बुजुर्ग व शाहीन बाग से लौटे युवक की मां भी शामिल है। इस युवक का दो साल का बेटा और चार साल की बेटी पहले ही ठीक हो चुके हैं। इन सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दूसरे स्थान पर क्वारंटीन किया गया है।
मंगलवार को प्राप्त हुई 82 कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। इनमें पांच मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। इनमें जैननगर मस्जिद में रहा जमाती दिल्ली निवासी इमरान (22), शाहीन बाग से लौटे युवक की मां सगीरन (45) भी शामिल हैं। युवक की दिल्ली से लौटने के बाद मौत हो गई थी। उसके परिवार के दो बच्चों सहित पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। युवक की बहन और भाई का अभी उपचार चल रहा है। पुरकाजी निवासी तीनों संक्रमित भी ठीक हो गए हैं। ये तीनों जमातियों के संपर्क में आए थे। इनमें 80 वर्षीय इब्राहीम, 56 वर्ष के आदिल तथा 25 वर्षीय सलमान शामिल हैं। इन सभी को कोविड अस्पताल से निकालकर दूसरी जगह पर क्वारंटीन किया गया है।