जहरीला चारा खाने से पांच गोवंशों की मौत
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। गांव सिकंदरपुर निवासी दो पशुपालक भाइयों के पांच गोवंशों की जहरीला चारा खाने से मौत हो गई।। वहीं, छह अन्य पशुओं की हालत गंभीर है। पशु चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच कर जहरीला चारा खाने से मौत की पुष्टि की है।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी सगे भाई सनव्वर और इंतजार काफी समय से पशुपालन का काम करते हैं। शुक्रवार को वे रोजाना की भांति पशुओं को गांव के जंगल में चराकर घर लेकर लौटे थे। देर रात अचानक पशुओं की हालत बिगड़ गई। दोनों भाई जब तक पशुओं का उपचार कराते, तब तक पांच गायों की मौत हो गई थी। वहीं, छह पशुओं की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर शनिवार सुबह पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर समीर बिंदल ने गांव में पहुंचकर पीड़ित भाइयों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद गोवंशों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें जहरीला चारा खाने से उनकी मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गोवंशों के शव को जमीन में दबवा दिया गया। वहीं, बीमार गोवंशों का उपचार किया जा रहा है।