पूर्व सांसद व अधिवक्ता समेत पांच आरोपी कोर्ट में पेश
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2013 में कवाल कांड के विरोध में शहर के मोहल्ला खालापार में हुई सभा में भड़काऊ भाषण देने के मामले में पूर्व सांसद सईदुज्जमां और अधिवक्ता असद जमा समेत पांच आरोपी कोर्ट में पेश हुए। वहीं, पूर्व सांसद कादिर राना समेत पांच अन्य आरोपी सुनवाई के दौरान गैरहाजिर रहे। अब मामले में अगली सुनवाई 17 मई को होगी।
कवाल कांड को लेकर 30 अगस्त 2013 को मोहल्ला खालापार में एक वर्ग के लोगों ने सभा की थी, जिसमें भड़काऊ भाषण दिए गए थे। इसके विरोध में दूसरे वर्ग के लोगों ने भी महापंचायत की थी, जिसके बाद सात सितंबर 2013 को सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। खालापार में हुई सभा में भड़काऊ भाषण देने के मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट एडीजे-पंचम में न्यायाधीश रामसुध सिंह के समक्ष चल रही है। बृहस्पतिवार को इस मामले में आरोप तय होने थे, जिसके चलते पूर्व सांसद सईदुज्जमां, अधिवक्ता असद जमां, सुल्तान मुशीर, मुशर्रफ और अहसान कोर्ट में पेश हुए। वहीं, पूर्व सांसद कादिर राना, पूर्व विधायक नूरसलीम राना व मौलाना जमील, सलमान सईद व नौशाद कुरैशी सुनवाई के दौरान गैर हाजिर रहे। इनके अधिवक्ता नकली सिंह त्यागी ने इनकी हाजिर माफी दरख्वास्त कोर्ट में दाखिल की। इसके बाद मामले में अगली सुनवाई के लिए 17 मई की तिथि नियत कर दी गई।