नगरपालिका परिषद में चेयरमैन अंजू अग्रवाल की ओर से बुलाई गई परिचय बैठक में सभासदों ने अपने वार्ड की समस्याओं की बौछार कर दी। चाय के दौरान नाश्ते की प्लेट नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया। इसी बीच चेयरमैन ने बेबाकी में कह दिया कि अगली बार अधिक नाश्ता मंगवाया जाएगा। इसे सभासदों ने अपनी बेइज्जती मान लिया, चेयरमैन के माफी मांगने पर मामला निपटा।
बृहस्पतिवार को चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने सभासदों की परिचय मीटिंग का आयोजन किया। पालिका सभागार में एक घंटे से ज्यादा मीटिंग चली। यहां सभासदों का पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचय कराया गया। उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पालिका कर्मचारियों द्वारा सभागार में सभासदों को नाश्ता प्रस्तुत किया जाने लगा।
वार्ड 17 से सभासद राजीव कुमार शर्मा ने नाश्ता सर्व करने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे सभासदों का अपमान बताकर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारी बिना प्लेट के ही एक एक सीट पर जाकर एक स्वीट्स और एक समोसा सभासदों को दे रहे थे। इसको लेकर ईओ विकास सैन से सभासदों ने जवाब तलब किया, सभासद वीरेंद्र मुन्ना, नदीम खां, प्रेमी छाबड़ा एवं अन्य ने भी इस व्यवस्था को गलत बताते हुए नाराजगी जताई, तो ईओ ने खेद जताकर माफी मांगी, लेकिन हंगामा होने लगा।
इस पर चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने सभासदों को समझाते हुए कहा कि यह परिचय मीटिंग थी, उनको आभास नहीं था कि नाश्ते पर इस तरह का विवाद हो जाएगा। आगे सुव्यवस्थित ढंग से काम होगा। नाश्ता भी अधिक मंगाया जाएगा। यदि किसी सभासद को ठेस पहुंची तो वो खुद माफी मांगती हैं। इसी बीच वार्ड 29 से सभासद प्रेम कुमार छाबड़ा ने उनके क्षेत्र में गंदगी का मुद्दा उठाया, तो अन्य लोग भी हो हल्ला मचाने लगे।
प्रेमी ने शिकायत की कि उनके वार्ड में तैनात सफाई कर्मचारियों में से चार कर्मचारियों को हटा लिया गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी आरएस राठी ने जवाब दिया कि नए पांच वार्डों में सफाईकर्मियों का निर्धारण करने के लिए ऐसा किया गया है। इस पर वार्ड 46 के सभासद पति उमर एडवोकेट बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि पालिका के पास 830 सफाई कर्मचारी हैं। यदि वार्डों से हटे हैं तो उनको कहां लगाया गया है।
नदीम खां, अब्दुल सत्तार, सरफराज, वीरेंद्र मुन्ना, पवन कुमार आदि सभासदों ने भी गंदगी का मुद्दा उठाया। हंगामे से चेयरमैन अंजू अग्रवाल बेहद दुखी नजर आईं। अपना संबोधन पूरा करते ही चेयरमैन ने मीटिंग खत्म कर राष्ट्रगान शुरू करा दिया। मीटिंग में मुख्य रूप से डॉ आरएस राठी, टीओ अरुण कुमार, एई अब्दुल कादिर, एई जलकल सिद्धार्थ कुमार, जेई आरपी यादव, केके सिंघल, एसके सिंघल, टीएस आरडी पोरवाल, लेखाकार राजेन्द्र सिंह, प्रीति रानी, ओएस ओमवीर सिंह सहित सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन स्टेनो गोपाल त्यागी ने किया।
सभी साथ चलें तो कुछ भी असंभव नहीं
मुजफ्फरनगर। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने कहा कि वो सभी सभासदों का शुक्रिया अदा करती हैं, जो उनके शॉर्ट नोटिस पर परिचय मीटिंग में पहुंचे। सभी 50 सभासद पालिका के स्तंभ हैं, बिना भेदभाव कार्य करने का वो भरोसा दिलाती हैं। सभी मिलकर साथ चलें तो कोई भी कार्य असंभव नहीं होगा। शिकवा शिकायत छोड़कर सभी से नगर के विकास में सहयोगी बनने की अपील की है। छह जनवरी को हमने बोर्ड मीटिंग बुलाई है, उसमें नगरीय विकास की परियोजना और समान नीति बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
भाजपा के 17 सभासद पहुंचे
मुजफ्फरनगर। परिचय मीटिंग में चेयरमैन अंजू अग्रवाल के निमंत्रण पर भाजपा के कुल 18 में से 17 सभासद उपस्थित रहे। भाजपा के मंडल अध्यक्ष और वार्ड 25 से सभासद सुनील शर्मा ने पार्टी सभासदों की उपस्थिति भी दर्ज की। इनमें पिंकी लक्ष्मण, नवनीत कुच्छल, नरेश चंद मित्तल, हनी पाल, उमा देवी, प्रियांशु जैन, पवन कुमार, विकास गुप्ता, सुनील शर्मा, प्रेमी छाबड़ा, विपुल भटनागर, कुसुमलता, अमित कुमार बाबी, मनीषा तायल व मनोज वर्मा के अलावा सभासद पति संजय सक्सेना, विवेक चुग्घ शामिल रहे। भाजपा की सभासद सपना मलिक नहीं पहुंची। मीटिंग में 50 में से 38 सभासद मौजूद रहे।
ईओ ने बैठक का एजेंडा जारी किया
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की पहली बोर्ड मीटिंग के लिए अधिकृत तौर पर बृहस्पतिवार को सूचना जारी कर दी गई है। ईओ की ओर से जारी बैठक एजेंडे में पथ प्रकाश, जलकल विभाग की आवश्यकताओं के दृष्टिगत नए वित्तीय वर्ष में सामग्री की खरीददारी के साथ ही पालिका में मैन पावर को बढ़ाने के लिए ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को रखे जाने के कुल नौ प्रस्ताव शामिल हैं।
बोर्ड मीटिंग के लिए चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने पालिका अफसरों को दिशा-निर्देश दिए थे। चेयरपर्सन ने छह जनवरी को मीटिंग रखने और एजेंडा तैयार करने के लिए कहा था। इसी के चलते बृहस्पतिवार को ईओ विकास सैन ने पहली बोर्ड मीटिंग के लिए एजेंडा जारी कर दिया है।
इस एजेंडे में शहर में पथ प्रकाश के खराब बिंदुओं को पुन: चालू करने के लिए सामग्री खरीदने, पथ प्रकाश के लिए लाइनमैन और अन्य कर्मचारी ठेके पर रखने, जलकल विभाग में पाइप लाइनों की मरम्मत के लिए सामग्री खरीदने, नलकूपों के संचालन और पालिका में कार्य को गति प्रदान करने के लिए रखे गये दैनिक वेतनभोगी के ठेके को विस्तार देने के कुल नौ प्रस्ताव शामिल हैं। इस एजेंडे में वार्ड 17 के सभासद राजीव कुमार का प्रस्ताव शामिल किया गया है, जिसमें उन्होंने नगर में प्रवेश करते हुए शामली रोड पर अत्यधिक गंदगी को हटवाने की मांग की है।