9मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन विहार में पांच बदमाशों ने बाइक सवार फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले दो दोस्तों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कंकरखेड़ा निवासी विशाल देशवाल (25) की मौत हो गई। वहीं अग्रसेन विहार निवासी अनुज (26) को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी विशाल देशवाल व अग्रसेन विहार निवासी अनुज नई मंडी पुल के पास ग्राहम हाउसिंग फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। दोनों बाइक पर सवार होकर अनुज के घर अग्रसेन विहार जा रहे थे। जब वह ए टू जेड रोड से कुसुम अस्पताल के पास पहुंचे तो पांच हमलावरों ने पिस्टलों से दोनों दोस्तों पर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर लोग माैके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए। उधर, सूचना मिलते ही एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, नई मंडी सीओ रुपाली रॉय मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गोली लगने से विशाल देशवाल की मौत हो गई, जबकि दोस्त की हालत गंभीर बनी हुई है। हत्या की वजह और हमलावरों की तलाश की जा रही है। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। अभी तहरीर भी नहीं दी गई है।
झगड़े की बताई जा रही रंजिश
मौके पर पुलिस ने लोगों से जानकारी जुटाई, जहां पता चला कि दोनों युवकों का चार-पांच दिन पहले किसी से झगड़ा हुआ था। संभवत: इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। उधर, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। विशाल पिछले करीब तीन साल से कंपनी के शहर स्थित कार्यालय में ही नौकरी करता था और किराए पर आदर्श कॉलोनी में रह रहा था।
-