शहर में तीन स्थानों पर होगी पटाखों की बिक्री
मुजफ्फरनगर। दीपावली में इस बार शहर क्षेत्र में केवल तीन दुकानों पर पटाखों की बिक्री की जाएगी। इनमें गांधी कॉलोनी, जीआईसी ग्राउंड व मेहता क्लब शामिल हैं। उधर, दमकल व प्रशासनिक अफसरों ने सोमवार को शहर व देहात क्षेत्र की 13 दुकानों पर चेकिंग की।
शहर क्षेत्र में दीपावली मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। शहर क्षेत्र में इस बार तीन स्थानों पर आतिशबाजी बिक्री की अनुमति दी गई हैं। इनमें गांधी कॉलोनी रामलीला मैदान, जीआईसी ग्राउंड और नई मंडी में मेहता क्लब शामिल हैं। इनमें से भी गांधी कॉलोनी रामलीला मैदान में केवल चार दुकानें ही लगाए जाने की अनुमति दी गई है। उधर, एसडीएम सदर विजय कुमार, तहसीलदार सदर और सीएफओ रमाशंकर तिवारी ने शहर व देहात क्षेत्र में 13 स्थायी दुकानों का निरीक्षण किया। फायर यूनिट लगाकर आग लगने की स्थिति में किए गए उपायों की भी जानकारी ली गई। सीएफओ ने बताया कि शहर में केवल तीन स्थानों पर ग्रीन पटाखों की बिक्री की जाएगी। फिलहाल लाइसेंस बनाए जा रहे हैं, जिसके बाद मेहता क्लब व जीआईसी ग्राउंड में लगने वाली दुकानों की संख्या निर्धारित की जाएगी।
छह दुकानों पर बंद हुई पटाखों की बिक्री
मुजफ्फरनगर। सीएफओ ने बताया कि इस साल छह स्थायी दुकानों पर पटाखों की बिक्री नहीं होगी। इनमें से पुरकाजी व चरथावल क्षेत्र स्थित दो दुकाने पूर्व में चेकिंग के दौरान अधिक स्टॉक मिलने के कारण सील की जा चुकी हैं, जबकि चार दुुकानदारों ने इस साल पटाखे का काम बंद कर दिया है।