बसेड़ी में गैस सिलिंडर फटने से जला घर का सामान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बसेड़ा में गैस सिलिंडर फटने से घर में लगी आग
छपार। गांव बसेड़ा में खाना बनाने के दौरान गैस सिलिंडर में लीकेज से आग लग गई और सिलिंडर तेज धमाके से फट गया। जिससे मकान के लिंटर में दरार आ गई और एक दीवार भी गिर गई। पूरे मकान में आग लगने से हजारों की नकदी एवं सामन भी जलकर नष्ट हो गया।
गांव बसेड़ा निवासी सद्दाम गांव में ही ठेली लगाकर बर्गर, चाऊमीन बेचकर परिवार की गुजर-बसर करता है। बृहस्पतिवार सुबह सद्दाम घर में खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक गैस लीक होने से सिलिंडर में आग लग गई। सिलिंडर में आग लगते ही सद्दाम ने अपने बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया और खुद आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगा, लेकिन तब तक सिलिंडर आग की लपटों में घिर गया। यह देख सद्दाम भी घर से बाहर निकल गया, इसके चंद मिनटों बाद ही सिलिंडर तेज धमाके से फट गया। सिलिंडर फटने से मकान की छत में दरार आ गई, साथ ही एक दीवार भी धराशायी हो गई। इसके बाद पूरे घर में आग लग गई। पीड़ित का कहना है कि आग से घर में रखे 39 हजार रुपये नकद के साथ ही कपड़े व अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।