मुजफ्फरनगर/ जानसठ। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में जीनस पेपर मिल में रविवार को अचानक वेस्ट सामग्री में आग लग गई। तेज हवा होने के कारण आग भड़की उठी। कुछ ही देर में पेपर मिल के लगभग 12 बीघा क्षेत्र में पड़ी वेस्ट सामग्री जल उठी। दमकल विभाग की टीम ने पहुंच कर पानी से लदे 17 टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। देर शाम तक आग बुझाई नहीं जा सकी थी।
सिखेड़ा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित जीनस पेपर मिल ने अपने लगभग 12 बीघा के परिसर में वेस्ट सामग्री रखी थी। रविवार सुबह लगभग ग्यारह बजे पेपर मिल की बाउंड्री के पास वाले यार्ड में आग लग गई। यह देखकर वहां काम करने वाले मजदूरों ने शोर मचा दिया। पेपर मिल में लगे उपकरणों से मजदूरों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए लेकिन हवा तेज होने के कारण आग भड़क उठी।
यह सूचना दमकल विभाग टीम को दी गई तो सीएफओ अनुराग कुमार विभागीय पांच टैंकरों के साथ टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। आग की स्थिति को देखकर क्षेत्र की पेपर मिलों व सहारनपुर, शामली, मेरठ, बिजनौर से दमकल विभाग टीम को बुलाया गया। सभी ने पानी से लदे 17 टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। हवा तेज होने के कारण चिंगारी पेपर मिल के दूसरे यार्ड तक पहुंच गई।
पेपर मिल में आग से बचाए गए व पानी से भीगे माल को हटाने के लिए पेपर मिल में हाईड्रा नहीं था। दमकल विभाग टीम ने हाईड्रा मंगवा कर माल साइड किया। इसके बाद टीम आग बुझाने के लिए आगे बढ़ी। देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
-
नलकूपों व उद्योगों से लिया पानी
हालांकि जीनस पेपर मिल में पानी की पर्याप्त व्यवस्था थी लेकिन 17 टैंकरों को पानी के लिए आसपास नलकूपों व उद्योगों का सहारा लेना पड़ा। पानी की व्यवस्था होने पर दमकल विभाग टीम आग पर काबू पाने के लिए आगे बढ़ती गई।
वर्जन-
सीएफओ अनुराग कुमार ने बताया कि तेज हवा के कारण आग भड़क रही थी। उनकी टीम एक स्थान की आग को बुझाती थी तो दूसरी जगह आग लग जा रही थी। हाईड्रा की मदद से माल को हटवा कर टीम आगे बढ़ी थी। आग बुझाने के प्रयास चल रहे है। बचाए गए वेस्ट गत्ते के नीचे भी आग धधक रही है। नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दी है फिर भी लगभग एक करोेड़ का नुकसान संभावित है।
हालांकि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल सका लेकिन कर्मचारियों को बात करते सुना गयाा कि पेपर मिल की बाउंड्री के दूसरी तरफ किसी ने कूड़े में आग जलाई थी और हवा के कारण चिंगारी गत्ते में जा गिरी और आग लग गई।
- पेपर मिल के मैनेजर रविंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। अभी नुकसान का आंकलन नहीं है।