- सहारनपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे सराफा कारोबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कटरा मोचियान में शनिवार को श्याम ज्वेलर्स की दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। इन्वर्टर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया जा रहा है।
सराफा कारोबारी भोला शंकर के बेटे राहुल की भगत सिंह रोड स्थित कटरा मोचियान में दुकान है। पिछले पांच-छह दिनों से राहुल परिवार के साथ सहारनपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे। इसके चलते दुकान बंद थी।
शनिवार दोपहर बाद कटरा मोचियान से बिजली के खंभे में तेज फॉल्ट हुआ। इसके बाद विद्युत वोल्टेज बढ़ने से राहुल की बंद दुकान में रखे इन्वर्टर और स्टेबलाइजर में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसी के कारण दुकान के अंदर रखा फर्नीचर आग की चपेट में आ गया।
दुकान बंद होने के कारण शुरुआत में आग का पता नहीं चला। कुछ देर बाद शटर के नीचे से धुआं बाहर निकलने लगा तो आसपास के व्यापारियों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने दमकल विभाग और दुकान मालिक को सूचना दी। एफएसओ आरके यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मालिकों से दुकान की चाबी मंगवा कर शटर खुलवाया।
आधे घंटे में आग बुझाई गई। आग दुकान के अंदर ही सीमित रहने के कारण आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। दुकान मालिक भोला शंकर ने बताया कि आग से करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान का फर्नीचर पूरी तरह जल गया, जबकि अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण भी धुएं और आग की गर्मी के कारण काले पड़ गए।
एसएसओ आर के यादव ने बताया कि आग पर कुछ ही देर में काबू पा लिया गया था।