चरथावल। माता-पिता और जन्म तिथि गलत दर्शाकर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाने के आरोप में छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पासपोर्ट हासिल कर युवक फैजान विदेश चला गया। स्कूली अभिलेखों में उसकी उम्र पासपोर्ट में दर्शाई जन्म तिथि से पांच साल कम है।
अलीपुरा निवासी अमित कुमार ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ थाने में कार्रवाई शुरू हुई। जय हिंद इंटर कॉलेज चरथावल के रिकॉर्ड में फैजान की माता का नाम जुलेखा दर्ज है। उसके पिता का नाम रिजवान बताया गया है। उसकी जन्म तिथि एक जनवरी 2006 दर्शाई गई थी। हालांकि युवक के वास्तविक पिता का नाम गुलजार और माता का नाम साज्जो है। आरोप है कि गुलजार समेत छह लोगों ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज का इस्तेमाल किया। उन्होंने माता-पिता का नाम और जन्म तिथि बदलवाकर पासपोर्ट हासिल किया।
आरोपियों ने सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को गुमराह किया। 27 जनवरी 2023 को जारी पासपोर्ट में फैजान की जन्म तिथि 15 दिसंबर 2001 दर्शाई गई। इस फर्जी पासपोर्ट के जरिये उसे विदेश भेजा गया। थाना प्रभारी एसएन दहिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।