रोनी हरजीपुर में निकासी नहीं होने से बस्ती में भरा पानी
मुजफ्फरनगर, चरथावल। तालाब पर अवैध कब्जों के कारण रोनी हरजीपुर गांव में मलिन बस्ती में पानी भरने से ग्रामीणों ने हंगामा किया। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। उन्होंने प्रभारी बीडीओ और ग्राम सचिव का पंप लगवाकर पानी निकलवाने का बंदोबस्त कराया।
दो दिन तक बारिश के पानी से रोनी हरजीपुर गांव में मलिन बस्ती के रास्ता पर कई फीट तक पानी भर गया। करीब 800 मीटर का यह रास्ता कश्यप समाज की बस्ती में जाता है। सड़क पर दूषित पानी इकट्ठा होने से ग्रामीण सीसू, धर्मवीर, विनोद कुमार, धर्म सिंह, पप्पन, सोमपाल, मनोज, अशोक, रमेश, बबलू, संजय, विजेंद्र, धर्मपाल, गोवर्धन, जनेश्वर, सोनू आदि में आक्रोश फैल गया। किसानों को गंदे पानी से होकर खेतों में जाना पड़ रहा था। महिलाओं और बच्चों को सड़े पानी जरूरी सामान लेने जाने में दिक्कत आ रही थी। खबर लगने पर सोमवार सुबह इसी गांव के वाशिंदे भाकियू नेता विकास शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला मुख्यालय पर अफसरों को समस्या का समाधान नहीं होने पर पानी में धरना देने का अल्टीमेटम दे दिया। एसडीएम सदर दीपक कुमार, सदर ब्लॉक के बीडीओ तुलसी राम एवं प्रभारी बीडीओ राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उनके समक्ष ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उन्होंने छतों से पानी भरने के कारणों को जाना। बताया गया कि तालाब पर अवैध कब्जों और आसपास के मोहल्लों में लोगों द्वारा टूल्लू पंप चलाकर बंद नहीं करने से ओवरफ्लो होने से पानी भरा है। रविवार रात में सोमपाल के मकान में सांप भी निकल था, जिससे बच्चों में दहशत व्याप्त है। एसडीएम ने बीडीओ और सचिव पुष्पेंद्र को पंप लगवाकर पानी निकासी के आदेश दिए। तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
रोनी हरजीपुर में बस्ती में भरे दूषित पानी से निकलने को मजबूर ग्रामीण- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रोनी हरजीपुर में हंगामे के बाद एसडीएम और ब्लॉक के अधिकारियों के मौका दिखाते ग्रामीण- फोटो : MUZAFFARNAGAR