संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
बुढ़ाना। देर रात जौला गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षाें के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की चार महिलाओं सहित आठ घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। घटना की तहरीर दोनों पक्षों ने दी है।
जौला गांव में अनीस और रहीस परिवार के बीच अवैध कब्जे को लेकर रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश में शुक्रवार रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। लाठी-डंडों के हमले से रहीस परिवार की शमशीरा (65), महक (16), खालिद (28), शकील (38) व गुड्डी (16) घायल हो गई। दूसरे पक्ष का अनीस (46), मुस्कान (16) व फेम (04) पुत्र अनीस घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। गंभीर हालत में मुस्कान को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि घटना की तहरीर दोनों पक्षों ने दी है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।