खतौली में सड़क में भूमिगत डिश का केबिल बिछाने को लेकर दो केबिल संचालक पक्ष के लोगों में संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों को बमुश्किल दोनों पक्षों को शांत किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान पुलिस ने एक केबिल संचालक को हिरासत में ले लिया है।
गांव भैंसी निवासी नकुल अहलावत और गांव मंसूरपुर निवासी महिला पत्नी मनोज टीवी केबिल का काम करती है। केबिल संचालिका मंसूरपुर से लेकर खतौली तक अपने भूमिगत लाइन बिछवा रही है। जबकि नकुल अहलावत भैंसी गांव में केबिल बिछाने का विरोध करता चला आ रहा है। इसी बात को लेकर पूर्व में भी विवाद हो चुका है।
रविवार को गांव भैंसी निवासी संतकुमार, अशोक, प्रवेश और चुन्नू गांव में भूमिगत केबिल बिछा रहे थे, जिसका केबिल संचालक नकुल अहलावत और विक्रांत ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और लाठी-डंडे चल पड़े।
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में एक पक्ष से संतकुमार और गांव निवासी देपेंद्र घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में केबिल संचालक नकुल अहलावत को हिरासत में ले लिया है।