मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में अशोक विहार कॉलोनी के लोग जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पालिका में कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी से मिले। इसी बीच सफाई कर्मचारियों के जिलाध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। उधर, सफाई कर्मचारियों ने आरोपी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।
ये है मामला
गुरुवार को अशोक विहार कॉलोनी के लोग भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नगर पालिका पहुंचे। इस कॉलोनी के अध्यक्ष सुधीश पुंडीर ने कार्यवाहक ईओ नेपाल सिंह को दिए ज्ञापन में अवगत कराया कि नगर पालिका के नाले की सफाई न होने से नगर का गंदा पानी कॉलोनी में भर रहा है। इस मामले में भाजपा कार्यकर्ता ने विधायक से फोन पर बात की। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के जिलाध्यक्ष सुधीर और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद पालिका कार्यालय में ही सफाई कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।