खतौली। छात्र आशु हत्याकांड को लेकर लोगों में गुस्सा है। रविवार को लोगों ने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए रेल का इंजन दस मिनट तक रोके रखा। महिलाएं धरना देकर ट्रैक पर बैठ र्गइं। मौके पर पहुंची पुलिस से महिलाओं की नोकझोंक हो र्गई। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने अशोका मार्केट को बंद करा दिया। भीड़ को देखकर बाजार में अफरातफरी मच गई, जिस पर दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। नगर में एक बार फिर से माहौल गरमा गया। बाजार बंद कराकर लोगों ने जानसठ तिराहे पर जाम लगा दिया और महिलाएं पीड़ित परिवार को साथ लेकर सड़क पर धरना देकर बैठ गईं। जाम से प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तनाव के देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी को बुलाना पड़ा।
मोहल्ला शिवपुरी के छात्र आशु पुत्र ओमप्रकाश की हत्या करने में शामिल अन्य हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रविवार को लोगों में गुस्सा भड़क उठा। मोहल्ला शिवपुरी के पास रेलवे ट्रैक के पास रविवार की सुबह दस बजे से ही महिलाओं और लोगों की भीड़ जुटनी शुरू गई थी। देखते ही देखते सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने तथा बाकी हत्यारों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने का प्रयास किया, तो महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। इस दौरान लोगों ने मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे ट्रेन के इंजन को रोक दिया। आक्रोशित लोगों ने करीब दस मिनट तक इंजन को रोका रखा। इसके बाद गुस्साई भीड़ अशोका मार्केट में पहुंची। आक्रोशित भीड़ ने बाजार बंद कराना शुरू कर दिया। बाजार बंद कराने पहुुंची भीड़ को देखकर मार्केट में अफरातफरी मच गई, जिस पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर नीचे गिराने शुरू कर दिए।
जिसको लेकर नगर में तनाव की स्थिति बन गई। लोग बाजार बंद कराते हुए जानसठ तिराहे पर पहुंच गए। जहां पर गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। महिलाएं पीड़ित परिवार को साथ लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गई। आक्रोशित लोगों का कहना था कि जब तक पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिलेगा और छात्र आशु के बाकी हत्यारे पकड़े नहीं जाएंगे, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
जाग लगाने से प्रशासन के हाथपांव फूल गए। सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन मनोज सिंह, एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता, एसडीएम प्रियंका निरंजन पहुंचे। अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांग पर अडिग रहे। तनाव के माहौल को देखते हुए अधिकारियों को कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बल को बुलाना पड़ा। आशु की हत्या पर डीएम और एसएसपी के नहीं आने को लेकर जाम में धरना देकर बैठी महिलाएं भड़क उठी। महिलाओं का कहना था कि प्रशासन प्रदेश सरकार के कहने पर काम कर रहा है। इसलिए गरीबों को इंसाफ नहीं मिल रहा है। छात्र आशु की हत्या को दो दिन बीत चुके हैं। इसके बावजूद डीएम, एसएसपी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आए हैं।
आश्वासन पर भीड़ ने जाम खोला
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान द्वारा पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने तथा हत्यारों पर रासुका लगवाने का आश्वासन देने पर भीड़ ने दो घंटे बाद जाम खोला। जाम से जीटी रोड पर वाहनों की लंबी लाईन लग गई थी। जाम से यात्री हलकान रहे। डॉ. संजीव बालियान के समक्ष आक्रोशित लोगों ने कई बार स्थानीय भाजपा नेताओं को पुलिस का दलाल बताया। लोगों की बात को सुनकर मंत्री कुछ नहीं बोले।
हत्यारों पर रासुका लगवाऊंगा : बालियान
खतौली। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री ने छात्र आशु की हत्या पर दुख जताते कहा कि हत्यारों को मैं खुद रासुका लगवाऊंगा। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा। मंत्री और चेयरमैन पारस जैन ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मंत्री ने लोगों को शांत किया और जाम के दौरान धरने पर बैठी पीड़ित परिवार की महिलाओं को समझाया। मंत्री ने एडीएम मनोज सिंह, एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता, एसडीएम प्रियंका निरंजन से छात्र हत्याकांड में अब तक की पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता और सीओ जोगेंद्र लाल से शीघ्र हत्यारों को गिरफ्तार करने की बात कही। मंत्री ने कहा कि छात्र की हत्या एक दुखद घटना है, इससे पूरा समाज आहत हुआ है। वे खुद हत्यारों पर रासुका लगवाने की कार्रवाई कराएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी दस लाख रूपये का मुआवजा धनराशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
हत्यारोपी को जेल, पिता भी गिरफ्तार
खतौली। छात्र आशु की हत्या में नामजद हत्यारोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि छात्र की हत्या करने में एक खानाबदोश का नाम भी सामने आया है। वह हत्यारोपी इब्राहिम का साथी है। इब्राहिम के पिता ने इरफान ने पुलिस को फर्जी सर्टिफिकेट दिखाकर हत्यारोपी को नाबालिग और पागल बताकर गुमराह किया था। जबकि जांच पड़ताल करने पर वह बालिग निकला। पुलिस को गुमराह करने के आरोप में इब्राहिम के पिता इरफान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्जकर जेल भेजा जाएगा। बाकी हत्यारों की तलाश जारी है। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
150 पर मुकदमा
खतौली। छात्र आशु हत्याकांड को लेकर शनिवार को थाने के सामने जाम लगाने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। भीड़ ने रविवार को भी जानसठ तिराहे पर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगाया था।