तीन दिन से बुखार से पीड़ित एक बंदी की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। जेल अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जिला कारागार की बैरक नंबर छह बी में शाहपुर थाने के तावली निवासी अनीस (49) पुत्र शरीफ 15 अक्तूबर से बंद था। चोरी के मुकदमे में तारीख पर नहीं जाने के कारण कोर्ट से हुए वारंट के चलते पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेजा था। सोमवार से उसे बुखार था और तभी से वह जेल के अस्पताल में भर्ती था।
बुधवार सुबह उसकी तबियत अचानक और ज्यादा खराब होने लगी तो जेल अधिकारियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुबह करीब सवा आठ बजे उसकी मौत हो गई। जेल अधिकारियों ने तभी मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर परिजन भी कारागार में पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि वह कई दिन से बुखार से पीड़ित था।