मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून रेलमार्ग पर जड़ौदा के निकट ट्रेन संचालन के लिए सप्लाई देने वाली फिडर वायर टूट गई। इसके बाद रेलवे लाइन किनारे सूखी घास में आग लग गई। मुजफ्फरनगर से जड़ौदा के बीच 11 किमी में वंदे भारत सहित पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। एक घंटे के बाद लाइन सही होने पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। दोपहर में दिल्ली से इंजीनियरों ने आकर जांच पड़ताल की। स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री परेशान रहे।
दिल्ली-देहरादून रेलमार्ग पर आवागमन करने वाली सभी ट्रेन विद्युत सप्लाई से संचालित होती है। मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर क्षेत्र के जड़ौदा में रेलवे ने अपना मिनी बिजलीघर भी बनाया हुआ है। वहां से रेलवे लाइन में सप्लाई सुचारू की गई है।
शुक्रवार सुबह नौ बजकर 25 मिनट पर बिजलीघर के सामने दिल्ली-देहरादून रेलमार्ग की दिल्ली जाने वाली लाइन में विद्युत सप्लाई देने वाला विद्युत तार टूट कर गिर गया। जड़ौदा रेलवे स्टेशन पर तैनात कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
आग लगने पर दमकल विभाग टीम को सूचना दी तो टीम ने पहुंच कर आग पर काबू पाया। उन्होंने मुजफ्फरनगर से इंजीनियरों की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक पवन चौधरी मौके पर पहुंचे। उनकी देखरेख में विभाग के इंजीनियरों ने कार्रवाई शुरू की। एक घंटे की मशक्कत के बाद व्यवस्था सुचारू हो सकी। इस दौरान लंबी दूरी वाली पांच ट्रेन प्रभावित हुई।
दोपहर में दिल्ली डीआरएम कार्यालय से इंजीनियरों ने पहुंच कर तार टूटने के बारे में जांच की। जांच पड़ताल कर टीम जड़ौदा से ही वापस लौट गई।
-
इस तरह प्रभावित हुआ संचालन, यहां खड़ी रही ट्रेन
- ऋषिकेश से ओडिशा के पुरी शहर जाने वाली उत्कल विद्युत सप्लाई बंद होने के कारण जड़ौदा के जंगल में खड़ी हो गई। यह ट्रेन यहां पर 53 मिनट तक खड़ी रही।
- देहरादून से चलकर आनंद विहार जाने वाली वंदे भारत ट्रेन बामनहेड़ी के पास करीब चार मिनट तक खड़ी रही।
- पंजाब के जालंधर से पुरानी दिल्ली जाने वाली सुपर एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर दो मिनट अतिरिक्त खड़ी रही।
- अंबाला से दिल्ली जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस बामनहेड़ी में 52 और मुजफ्फरनगर में 30 मिनट खड़ी रही।
- देहरादून से दिल्ली जाने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस सरवट फाटक पर 35 मिनट व मुजफ्फरनगर में 35 मिनट खड़ी रही।
एक घंटे प्रभावित रहा संचालन
मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन चौधरी ने बताया कि मंसूरपुर के जड़ौदा में विद्युत सप्लाई का तार टूटने से ट्रेनों के संचालन में बाधा आई थी। एक घंटे बाद व्यवस्था सुचारु हो गई थी।
-
बेहाल रहे यात्री, स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार
ऋषिकेश से ओडिशा के पुरी शहर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस करीब 53 मिनट जड़ौदा में खड़ी रही। इस दौरान मुजफ्फरनगर स्टेशन पर यात्री बेहाल रहे। ट्रेन के इंतजार में यात्री इधर-उधर घूमते रहे। इंटरसिटी में भी शहर से बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। संचालन प्रभावित होने से यात्रियों के सामने परेशानी रही।