मुजफ्फरनगर। गन्ने की नई प्रजातियों के बीज की खरीदारी किसानों की जेब ढीली करेगी। गन्ना विभाग ने बीज के गन्ने की एक आंख (बड) की कीमत दो रुपये निर्धारित की है, यानि किसानों को प्रति क्विंटल दो हजार रुपये देने होंगे। प्रत्येक जिले के लिए बीज वितरण का लक्ष्य तय कर दिया गया है।
गन्ना विभाग की ओर से जिले के किसानों को इस बार 1543 क्विंटल गन्ने का बीज वितरित किया जाएगा। गन्ना शोध संस्थानों पर तैयार किए गए बीज के लिए किसानों के लिए मूल्य तय कर दिया गया है। सरकार किसानों को गन्ने का भाव 350 रुपये प्रति क्विंटल कर रही है, लेकिन बीज की बिक्री करीब दो हजार रुपये प्रति क्विंटल की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि बीज के लिए प्रति आंख दो रुपये तय है और एक क्विंटल गन्ने में लगभग एक हजार आंख का अनुमान है। इस तरह किसानों को एक क्विंटल बीज के लिए दो हजार रुपये देने होंगे।
बड यानि आंख के दाम तय
एक गन्ने पर ढेरों आंख यानि बड़ होती है। गन्ना विभाग किसानों को सिंगल बड चिप से बुवाई के लिए प्रेरित करता है। एक बड की कीमत के आधार पर बिक्री की जाती है।
किसानों के लिए यह बीज उपलब्ध
डीसीओ ने बताया कि अगेती प्रजाति 14201, 8272, 118, 13235 प्रजाति के अलावा सामान्य किस्म 5011, 11453, 8279 और 12232 बीज किसानों के लिए इस बार उपलब्ध रहेगा।
यहां से खरीदा जाएगा बीज
किसानों को मिलने वाला बीज गन्ना शोध संस्थान मुजफ्फरनगर, धामपुर, शाहजहांपुर और नानौता से लेकर उपलब्ध कराया जाएगा।
किसने क्या कहा
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि प्रत्येक जिले के लिए लक्ष्य तय किया गया है। मूल्य विभाग तय करता है। निर्धारित रेट पर ही किसानों का बीज दिया जाएगा।
रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर का कहना है कि किसानों को कम दाम पर बीज मिलना चाहिए। गन्ना मूल्य और बीज के दाम में भारी अंतर है। गन्ना उत्पादन में अगर सरकार कम खर्च आंक रही है तो फिर किसानों को महंगा बीज क्यों दिया जा रहा है।