संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दतियाना गांव के बिजलीघर पर तैनात जूनियर इंजीनियर मोहर सिंह पर दुर्व्यवहार करने और नलकूप फीडर की विद्युत आपूर्ति में जान-बूझकर बाधा डालने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कार्यालय पर धरना दिया। यह भी आरोप लगाया कि जेई ने विभागीय आदेशों की अवहेलना करते हुए बिना किसी स्वीकृति के स्वयं ही लाइन शिफ्ट करा दी।
जेई के आचरण और दतियाना बिजली घर से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसान द्वारिका सिटी स्थित ऊर्जा निगम मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। किसान अंकित चौधरी ने कहा कि वह शांतिपूर्वक अपनी समस्याएं लेकर आए हैं, लेकिन यदि सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
किसानों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले आए आंधी-तूफान से क्षेत्र की विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, लेकिन आज तक भी उक्त लाइनों की मरम्मत नहीं की गई। इस कारण क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
मांग रखी कि जेई को तत्काल हटाया जाए, विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त किया जाए और विभागीय लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए नलकूपों के लिए आपूर्ति नियमानुसार की जाए। आनंद, सर्वेश, बालकिशन आदि शामिल रहे। मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि निगम कर्मचारियों पर अकारण दबाव बनाया जा रहा है। सही कार्य करने में बाधा डाली जा रही है।