थानाभवन चीनी मिल पर भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों पर फायरिंग करने के विरोध में किसानों की पीपलशाह में हुई पंचायत में मिल के सुरक्षा अधिकारी, आरोपी भाजपा नेता और थानाभवन के थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
किसानों ने कहा कि मांग शीघ्र पूरी नहीं होने पर प्रशासन के खिलाफ आरपार की लड़ाई होगी। अपर पुलिस अधीक्षक शामली, एसडीएम और सीओ ने किसानों को शीघ्र न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि जांच के लिए अधिकारियों के साथ किसानों का 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा।
बता दें कि किसानों के बीते वर्ष के बकाया ब्याज, इंडेंट, ओवरलोड वाहन आदि की समस्या को लेकर बजाज शुगर मिल थानाभवन पर भारतीय किसान संगठन का आंदोलन चल रहा था। संगठन के शामली जिलाध्यक्ष राजू राणा के नेतृत्व में चल रहे इस धरने को मिल प्रशासन द्वारा गंभीरता से नहीं लेेने पर शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह दलबल के साथ थानाभवन पहुंचे।
मिल प्रशासन ने समस्याओं के निराकरण के लिए तीन दिन का समय मांगा। आरोप है कि समझौता वार्ता के बाद किसान संगठन के पदाधिकारी जब बाहर निकल गए, तो मिल के सुरक्षा अधिकारी सतीश पुंडीर और थानाभवन के भाजपा नेता बिन्नी राणा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
आरोप है कि उनके ऊपर फायर किए। बिन्नी राणा को एसओ थानाभवन अपनी गाडी में बैठाकर ले गए। किसान नेताओं पर फायरिंग की घटना को लेकर रात में ही गांव-गांव पंचायतें शुरू हो गई। रविवार को पीपलशाह में किसानों की पंचायत हुई। पंचायत में हजारों किसान एकत्र हुए।
किसानों की मांग थी कि मिल के सुरक्षा अधिकारी को तत्काल हटाया जाए, आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई हो और किसान नेताओं के खिलाफ झूठा मुकदमा लिखने वाले एसओ थानाभवन को सस्पेंड किया जाए। किसानों की डिमांड पर अपर पुलिस अधीक्षक शामली राकेश शर्मा, एसडीएम शामली और सीओ शामली किसानों के बीच पहुंचे।
किसानों को आश्वासन दिया कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। वे तीनों मौके पर जाकर जांच करेंगे। किसानों का 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल भी उनके साथ रहेगा। जो दोषी है उस पर कार्रवाई होगी वह चाहे कितना ही ताकतवर क्यों न हो। अध्यक्षता गफ्फार और संचालन कृष्णपाल ने किया। ठाकुर दीपक सोम, राजवीर सिंह, राजेंद्र यादव, प्रदीप सैनी, यशपाल सिंह, रणवीर सिंह, जयप्रकाश, वेदपाल सिंह, नरेश, राजू, अफसर अली आदि ने विचार रखे।
हम दोषी हैं तो जेल जाने को तैयार: पूरण
तितावी। पंचायत में भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि बजाज मिल की घटना में यदि हम दोषी हैं तो हमें जेल भेजा जाए। पुलिस जांच करें, गोली किसने चलाई, गोली चलाने वाला जो भी हो जेल जाना चाहिए।
आरोपी को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने वाले एसओ थानाभवन को सस्पेंड किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों के बीच में कहा कि हम किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं, इसमें पीछे हटने वाले नहीं है। न्याय की लड़ाई में किसानों के साथ हैं।
11 किसानों का प्रतिनिधि मंडल बना
तितावी। अधिकारियों के साथ घटना की जांच के लिए किसानों के प्रतिनिधिमंडल में ठाकुर जयप्रकाश राणा, राहुल ठाकुर, दीपक सोम, अफसर अली, गफ्फार, नरेश तोमर, शेर सिंह राणा आदि को शामिल किया गया है। सोमवार को जांच के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किसान भी रहेंगे।