बुढ़ाना में तहसील में अनिश्चित कालीन धरने को संबोधित करते तहसील अध्यक्ष।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना। भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर बीच सड़क आड़ी-तिरछी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी करके तथा गन्ने की पत्तियां डालकर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। भाकियू सुप्रीमो के अनुसार कार्यकर्ता अपने साथ छोटे बच्चों के लिए दूध भी लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बाइक सवार, एम्बुलेंस व स्कूल के वाहन नहीं रोके। इस दौरान हाईवे पर सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दो साल से गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाने, बकाया भुगतान नहीं होने व गन्ने की पत्ती जलाने पर किसानों पर मुकदमे दर्ज करने के विरोध में भाकियू ने चक्का जाम किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे भाकियू कार्यकर्ता ट्रैक्टर ट्राली में गन्नेे की पत्तियां भरकर व जाम में फंसने वाले छोटे बच्चों के लिए दूध लेकर मेरठ-करनाल हाईवे की बायवाला पुलिस चौकी के पास पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाईवे के बायवाला चौराहे पर बीच सड़क पत्तियों का ढेर लगा दिया और ट्रैक्टर ट्राली आड़ी-तिरछी खड़ी करके जाम लगा दिया। कार्यकर्ताओं ने गन्ने की पत्तियों पर बीच सड़क बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान हाईवे व जनपद मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत के निर्देशों के अनुसार कार्यकर्ताओं ने बाइक सवार, एम्बुलेंस तथा स्कूल के वाहनों को नहीं रोका। कार्यकर्ता अपनी व्यवस्था से ऐसे वाहनों को निकलवाते रहे। कुछ कार्यकर्ता जाम में फंसने वाली बसों में दूध पीने वाले छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था में लगे रहे। शांतिपूर्वक हाईवे जाम के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने वाहनों में सवार यात्रियों से सहयोग की अपील की। जाम के दौरान उपजिलाधिकारी कुमार भूूपेन्द्र व इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मांगों का ज्ञापन एसडीएम को दिया। इस मौके पर भाकियू के तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव पंवार, वरिष्ठ नेता चौ. विकास त्यागी, युवा ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू उर्फ विपिन, राजेंद्र, विनोद मलिक व तेजपाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।