-किसानों को गन्ना एक केंद्र पर तुलवाना पड़ रहा, हो रही परेशानी
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। किसानों के धरना-प्रदर्शन के बाद गन्ना आयुक्त ने मुथरा गांव में देवबंद शुगर मिल के दो केंद्रों को मंजूरी दी थी, लेकिन मिल ने दूसरे केंद्र के प्लाट पर मशीन नहीं लगाई है। इस वजह से किसानों को गन्ना एक केंद्र पर तुलवाना पड़ रहा है।
पूर्व प्रधान रामुकमार, आशु, ओमप्रकाश, सुभाष आदि का कहना है कि दो सेंटर मंजूर होने के बावजूद एक पर ही गन्ना तौल किया जा रहा है। दोनों सेंटरों का इंडेट एक केंद्र पर तुलने से किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता है। वहीं समय की कमी में ताैल नहीं होने से कई बार किसानों को वापस जाना पड़ता है। बताया कि मिल प्रबंधन ने मंजूर दूसरे केंद्र के प्लाट में कांटे का बार्डर का निर्माण कराकर छोड़ दिया है, लेकिन मशीन नहीं लगाई है। इसी वजह से तौल नहीं हो पा रही। किसानों ने भाकियू नेता विकास शर्मा को इस संबंध में बताया। उन्होंने किसानों के बीच पहुंचकर डीएम से वार्ता कर समस्या जल्द हल कराने का आश्वासन दिया। उधर, किसानों का कहना है दूसरा केंद्र शुरू नहीं होने से खेतों में गेहूं की फसल बुवाई में देर हो रही है। देवबंद मिल के उप महाप्रबंधक (गन्ना) विपिन त्यागी ने बताया मशीन की व्यवस्था जल्द करा दी जाएगी। यहां की तौल मशीन क्यामपुर गांव के केंद्र पर लगवा दी थी। एक केंद्र पर दोनों केंद्रों का इंडेट तौल हो रहा है। कृषक हित में तेजी से तौल कराने की व्यवस्था करा देंगे।