खतौली में दो बाइकों की आमने सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में किसान की उपचार के दौरान मेरठ अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। शामली के मोहल्ला कटोरावाला निवासी समीर व चांद पुत्रगण नफीस बुधवार को मोहल्ला सराफान से रिश्तेदारी से ईद मिलकर लौट रहे थे।
जीटी रोड पर झूलेलाल मंदिर के सामने जब दोनों भाई बाइक लेकर पहुंचे तो, उसी समय गांव भैंसी निवासी किसान मंदीप (43) पुत्र जयप्रकाश बाइक पर खतौली किसी काम से आ रहा था। दोनों बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों भाईयों समीर व चांद को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया और किसान मंदीप को गंभीर अवस्था में मेरठ अस्पताल भेज दिया। मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई। किसान की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार व गांव के लोग मेरठ अस्पताल से शव लेकर कोतवाली पहुंचे। मृतक किसान शादीशुदा परिवार में अकेला बेटा था। मृतक किसान की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के रहने वाले भाकियू भानू गुट के जिला उपाध्यक्ष नकुल अहलावत ने बाइक सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवारों में से किसी भी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
बस ने बाइक में टक्कर मारी, चिकित्सक घायल
सठेड़ी गंगनहर पुल से पहले एक रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे मेें बाइक सवार चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटने से बच गई।
गांव सठेड़ी निवासी चिकित्सक महेंद्र पुत्र बुधसिंह बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे गांव से बाइक से खतौली में बुढ़ाना रोड पर स्थित क्लीनिक जा रहा था। इसी दौरान गंगनहर पुल से पहले खतौली की ओर से तेजी से आ रही रोडवेज बस के चालक ने दूसरी साइड में लाकर बाइक में मार दी। टक्कर लगने से चिकित्सक घायल हो गया। बस का अगला पहिया बाइक पर चढ़ गया।
जिससे बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर बस में फंस गई। इस दौरान बस भी पलटने से बाल-बाल बच गई थी। हादसे के दौरान सवारियों ने शोर मचा दिया। जिस पर चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चिकित्सक को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जबकि बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर भेजा।