पुरकाजी के गांव हरैटी में गेहूं की फसल जोतता किसान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किसान ने चार बीघा गेहूं की फसल में चलाया ट्रैक्टर
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। कृषि कानूनों के विरोध में क्षेत्र के गांव हरेटी निवासी किसान सचिन ने भाकियू नेताओं के साथ अपने खेत में खड़ी करीब चार बीघा गेहूं की फसल को ट्रैक्टर चलाकर जोत दिया। भाकियू पदाधिकारियों ने कृषि कानून वापस लिए जाने तक किसान आंदोलन को जारी रखने की घोषणा की।
पुरकाजी ब्लाक के गांव हरेटी निवासी किसान सचिन के पास 13 बीघा जमीन है। इसमें से नौ बीघा जमीन में गन्ना व चार बीघा जमीन में गेहूं की फसल बोई हुई थी। कृषि कानून को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के तहत शुक्रवार को सचिन गांव के ही किसान संजीव का ट्रैक्टर लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ अपने खेत पर पहुंचा और चार बीघा भूमि में खड़ी गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। मौके पर मौजूद भाकियू मंडल महासचिव नवीन राठी, वीरेंद्र राठी, विवेक राठी और नीटू अहलावत का कहना है कि कृषि कानूनों के साथ ही किसान आंदोलन से जुड़े किसानों के विरुद्ध दर्ज हुए किए गए मुकदमों को लेकर क्षेत्र के किसानों में बेहद आक्रोश है। जब तक कृषि कानून और ये मुकदमे वापस नहीं लिए जाएंगे, विरोध जारी रहेगा।