तितावी। गांव साल्हाखेड़ी में ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर एक किसान की मौत हो गई।
गांव साल्हाखेड़ी निवासी किसान सतेंद्र कुमार उर्फ बॉबी (45) अपने दो साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में गन्ना छीलने जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचा, एक तेज मोड़ पर तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और खेत में जाकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से सतेंद्र उसके नीचे ही दब गया। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत कर ट्रैक्टर को हटाते हुए सतेंद्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता कर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के निकट मंगलवार रात एक वृद्ध रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वृद्ध वहां पहुंची एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।