संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। बैंक खाते से रुपये निकालने जा रहे किसान को सड़क पार करते समय ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद काफी देर तक मार्ग पर जाम लगा रहा।
कस्बे के सदर बाजार मोहल्ला पछाला का रहने वाला गंगाराम त्यागी (80) बुधवार सुबह करीब 11 बजे पीएनबी शाखा से रुपये निकालने जा रहा था। कस्बे के बीच मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय के पास सड़क पार करते समय उसे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी राजकुमार, तहसीलदार महेंद्र सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने मृतक किसान के परिजनों से बात कर हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने चालक, ट्रैक्टर को पकड़ लिया है। मृतक के बेटे अरुण त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है।