भारत मां के लाल प्रशांत शर्मा की शहादत को नमन
मुजफ्फरनगर। देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रशांत शर्मा को हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वालों मकानों की छतों से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों ने पुष्पवर्षा कर प्रशांत की शहादत को नमन किया। भीड़ में शामिल लोग जब तक सूरज चांद रहेगा, प्रशांत तेरा नाम रहेगा के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
रविवार को शहीद के अंतिम दर्शन के लिए बुढ़ाना मोड़, खांजापुर में शहीद के घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ थी। सुबह 8.10 बजे शहीद प्रशांत का पार्थिव शरीर मेरठ छावनी के जाट रेजीमेंट के सैनिकों के साथ घर पर पहुंचा। शव के पहुंचते ही पूरा गांव शहीद प्रशांत शर्मा अमर रहे के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। शहीद के पिता शीशपाल शर्मा, मां रीता देवी, बहन प्रिया उर्फ प्रियंका, भाई निशांत शर्मा ने प्रशांत का शव देखा तो फफक पड़े। शहीद की माता रो-रोकर बार बेसुध हो जाती थीं। करीब दस मिनट तक प्रशांत का शव परिवार के बीच रहा। इसके बाद अंतिम यात्रा काली नदी स्थित शहर के श्मशान घाट की ओर शुरू हो गई। अंतिम यात्रा में हजारों युवा पहुंच चुके थे। तिरंगा झंडे लगी बाइक, हाथों में तिरंगा लिए हुए युवा बलिदानी प्रशांत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। लोग भारत मां के इस लाल को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। अंतिम यात्रा में सेना के जवान कदम ताल के साथ आगे-आगे चल रहे थे। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान से लेकर तमाम मंत्री और विधायक शहीद सैनिक की अंतिम यात्रा में साथ-साथ चले। श्मशान घाट तक रास्ते में शहीद प्रशांत के अंतिम दर्शन के लिए लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए। लोगों ने अपने घरों से ही शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प वर्षा की। भीड़ के आगे श्मशान घाट की जगह छोटी पड़ गई और हजारों लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान परिसर के बाहर ही रहना पड़ा। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव को स्वयं व्यवस्था संभालनी पड़ी।
सैनिकों ने बजाई मातमी धुन
मुजफ्फरनगर। शहीद प्रशांत के अंतिम संस्कार से पहले मेरठ छावनी से आई जाट रेजीमेंट की सैनिक टुकड़ी ने शस्त्र उल्टे किए, मातमी धुन बजाई और दो मिनट का मौन रखा। मेरठ छावनी के ब्रिगेडियर मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने पुष्प चक्र अर्पित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने पुष्पचक्र चढाया। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, कौशल विकास राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप, विधायक प्रमोद ऊटवाल, उमेश मलिक, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक अनिल कुमार, रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा ने शहीद को पुष्प अर्पित किए। डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी सतपाल अंतिल, एसडीएम दीपक कुमार आदि ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।