बॉलीवुड के कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनके परिजनों पर लगाए आरोपों के संबंध में अदालत ने थाने की अंतिम रिपोर्ट को मंजूर कर लिया है। वादिया अरसे से अदालत में हाजिर होकर पक्ष नहीं रखने के कारण अपर विशेष सत्र न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट रितेश सचदेवा ने पत्रावली पर आदेश पारित कर दिया।
वर्ष 2020 में बुढ़ाना निवासी फिल्मी दुनिया के नामचीन अभिनेता और उसके परिजनों के खिलाफ वादी आलिया ने मारपीट आदि की गंभीर धाराओं में मुंबई के वर्सोवा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना कोतवाली में ट्रांसफर हो गई थी। तफ्तीश के बाद पुलिस ने आरोपियों को क्लीन चिट देते हुए फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की थी। मुकदमे में वादिया का पति नवाजुद्दीन सिद्दीकी, देवर मिनाजुद्दीन, फैयाजुद्दीन और अयाजुद्दीन, सास मेहरुनिशा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।