मुज़फ्फरनगर। रामलीला टिल्ला निवासी पिंटू सैनी हत्याकांड मामले ने वांछित आरोपियों की गिरफ्तार न होने से परिजनों में नाराजगी है। परिजन भागीरथ सेना के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। वांछित की गिरफ्तारी न होने पर पिंटू की तेरहवीं पुलिस कार्यालय पर करने की चेतावनी दी।
दिवाली की रात में एक बच्चे की पिटाई कर रहे अभिषेक आदि ने बच्चे को पीटने से मना करने वाले पिंटू सैनी की पिटाई की थी। पिटाई से उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर शहर कोतवाली में आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर चालान कर दिया था। अन्य आरोपी अभी तक पकड़े नहीं गए। सोमवार को परिजन भगीरथ सेना के राष्ट्रीय महासचिव सोनू आदि कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे और शहर कोतवाली पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। आरोप था कि आरोपी परिजनों को धमकी दे रहे हैं। चेतावनी दी कि अगर एक दिन में आरोपी नही पकड़े जाते तो पिंटू की तेरहवीं पुलिस कार्यालय पर की जाएगी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उन्हें कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।