बुढ़ाना मोड़। मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग स्थित गांव सांझक का शिव पार्वती धाम मंदिर शिव भक्तों की श्रद्धा और अटूट आस्था का केंद्र है। मंदिर की भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। मान्यताओं एवं ग्रामीणों के अनुसार इस धाम को स्वयं प्रकट शिव पार्वती धाम के नाम से जाना जाता है। भगवान शिव और माता पार्वती यहां संयुक्त रूप से विराजमान है।
दूर-दूर से श्रद्धालु आकर यहां पूजा अर्चना कर जलाभिषेक करते हैं और सुख समृद्धि की कामना करते हैं। सावन माह और शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। मंदिर परिसर में सांझक वाली माता और राधा कृष्ण का भी मंदिर है।
ग्रामीण सुखबीर सिंह, सुरेश, शीशपाल, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह कहते हैं कि कांवड़ मार्ग पर होने के का रण यहां शिवभक्तों का आवागमन रहता है।
श्री शिव धाम मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष जवाहर सिंह ने कहा, स्वयं प्रकट शिव पार्वती धाम बहुत ही प्राचीन है। पुराने समय से ही यहां पर पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक होता आ रहा है। पूजा अर्चना करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आकर भगवान शिव का आशीर्वाद लेते हैं।
शिव पार्वती धाम मंदिर के पुजारी भोपालनाथ महाराज ने बताया शिव पार्वती धाम की मान्यता दूर-दूर क्षेत्र तक है। यहां पर दूर-दूर से श्रद्धालु आकर पूजा अर्चना कर मन्नत मांगते हैं, जो श्रद्धालु सच्चे मन से भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना कर जलाभिषेक करते हैं उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।