राजमिस्त्री हत्याकांड में फैक्टरी मालिक गिरफ्तार
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव तिसंग निवासी राजमिस्त्री की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी फैक्टरी मालिक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गांव तिसंग निवासी राजमिस्त्री राहुल को उसके गांव के ही दोस्त सौरभ ने रविवार सुबह करीब नौ बजे कॉल कर जानसठ जाने के लिए घर से बुलाया था। सोमवार देर रात में ही सौरभ अपने ममेरे भाई अंकित के साथ मिलकर राहुल की हत्या कर दी थी। पुलिस ने सौरभ व अंकित को गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। दोनों आरोपियों ने राहुल की हत्या के लिए गांव तिसंग के ही फैक्टरी मालिक राजकमल से 1.15 लाख की सुपारी लेने के बारे में बताया था। आरोपियों ने खुलासा किया था कि फैक्टरी मालिक राजकमल के राहुल की पत्नी से संबंध थे। इसी के चलते उसने राहुल की हत्या के लिए सुपारी दी थी। मंगलवार को पुलिस ने तीसरे हत्यारोपी फैक्टरी मालिक राजकमल को गांव तिसंग में पंचवटी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजकमल से मृतक राजमिस्त्री का मोबाइल भी बरामद किया। पुलिस ने राजकमल को जेल भेज दिया है।