प्रत्येक श्रमिक को रोजगार दिलाया जाएगा: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि जिले में प्रत्येक श्रमिक को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। स्किल्ड व नॉन स्किल्ड श्रमिकों की सूची बनाई जाएगी। प्रवासी श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण कराया जाएगा।
विकास भवन सभागार में अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों के प्रारंभ होने उसमें श्रमिकों को रोजगार देने व मनरेगा के अंतर्गत श्रमिकों को रोजगार दिए जाने के संबंध में डीएम ने बैठक ली। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए प्रत्येक श्रमिक कोे रोजगार उपलब्ध कराया जाए। पीडी डीआरडीए को निर्देश दिए कि जो श्रमिक बाहर से आए है उनके जॉब कार्ड बनाए जाए और उनका श्रम विभाग में भी पंजीकरण कराया जाए। मनरेगा के अंतर्गत श्रमिकों को रोजगार दिया जाए, उनके जॉब कार्ड बनाए जाए।
डीएम ने सहायक श्रमायुक्त से कहा कि श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीकरण कराया जाए। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर निर्माण कार्य आरम्भ किया गया है, वहां सोशल डिस्टेंसिंग, साफ सफाई स्वच्छता का पूर्ण ध्यान रखा जाए और श्रमिकों के हाथ धोने के लिए साबुन व पानी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। मास्क का प्रयोग किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने बताया कि नुक्क्ड़ नाटकों, पेंटिग, बैनर, पोस्टर आदि अनेकों प्रचार प्रसार गतिविधियों के द्वारा जनमानस को और अधिक जागरूक किया जाएगा। सीडीओ आलोक यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमृतपाल कौर, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार आदि मौजूद रहे।