चरथावल ब्लॉक परिसर में नामांकन दाखिल करते हुए प्रत्याशी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल ब्लाक परिसर में कड़ी सुरक्षा में हुआ नामांकन
मुजफ्फरनगर, चरथावल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले दिन कड़ी सुरक्षा में नामांकन पत्र दाखिल किए गए। चरथावल में प्रधान पद के लिए 421, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए 383 और पंचायत सदस्यों के लिए 204 लोगों ने नामाकंन दाखिल किए। महिलाओं ने लंबी कतारों में लगकर नामाकंन पत्र दाखिल किए।
बुधवार सुबह 10 बजे तक कक्षों में बिजली की व्यवस्था माकूल नहीं होने से कर्मचारियों को दिक्कत उठानी पड़ी और काम बाधित रहा। जिला मुख्यालय से ठेकेदार का प्रतिनिधि 12 चरथावल पहुंचा, तो उसके बाद व्यवस्था सुचारू कराई गई। निर्वाचन अधिकारी हरी निरंतर कक्षों का भ्रमण कर एआरओ से संपर्क कर समस्याओं का समाधान कराते रहे।
सात न्याय पंचायतों के लिए प्रधान पद और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल कराने के लिए सात खिड़कियां लगाई गई और 109 बीडीसी के लिए 11 खिड़कियों पर एआरओ ने नामांकन पत्र दाखिल किए। पहले दिन पूरे ब्लॉक के 786 ग्राम पंचायत सदस्यों में से सिर्फ 204 नामांकन दाखिल हो पाए। एसएचओ एमपी सिंह ने ब्लॉक के दोनों तरफ 200 मीटर दूरी पर बेरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा के इंतजाम कराए। इस परिधि में किसी प्रत्याशी या एडवोकेट का टेंट नहीं लगने दिया गया।